यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rashid Alvi: भाजपा ने हिंदुओं और मुसलमानों को बांटा, कांग्रेस सांसद अल्वी ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राशिद अल्वी ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एएनआई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राशिद अल्वी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हिंदुओं और मुसलमानों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जस्टिस अब्दुल नजीर को राज्यपाल नियुक्त करने से लोगों का विश्वास न्यायापालिका में कम हो रहा है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से रिटायर होने के करीब एक महीने बाद जस्टिस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ऐसे में कांग्रेस नेता ने सत्तारूढ़ दल भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता ने सरकार पर उठाया सवाल
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने हिंदुओं और मुसलमानों को बांटा है। उन्होंने कहा कि किसी समुदाय को उसकी योग्यता से ज्यादा मिलने पर तुष्टीकरण होता है, लेकिन मुसलमानों को उनका उचित हिस्सा भी नहीं मिलता है। जस्टिस नजीर को राज्यपाल नियुक्त करने से न्यायपालिका के प्रति लोगों का विश्वास कम हो रहा है।

राशिद अल्वी ने झुंझलाहट दिखाते हुए सरकार पर तमाम तरह के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार के दबाव में ऐसा हुआ है। न्यायपालिका स्वतंत्र होनी चाहिए और संविधान के अनुच्छेद 50 के अनुसार कार्यपालिका से कोई संबंध नहीं होना चाहिए।
राम मंदिर पर फैसला सुनाकर सुर्खियों में आए थे जस्टिस एस. अब्दुल नजीर, अब बने आंध्रप्रदेश के गवर्नर
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बने जस्टिस नजीर
उल्लेखनीय है कि अयोध्या मामले में फैसला सुनाने वाली पीठ का हिस्सा रहे जस्टिस नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। जस्टिस नजीर ने उस संविधान पीठ का भी नेतृत्व किया था जिसने 2016 की नोटबंदी प्रक्रिया को बरकरार रखा था।
