भाजपा के गौतम कुमार बने बेंगलुरु के नए मेयर, कांग्रेस उम्मीदवार को हराया
भाजपा के गौतम कुमार मंगलवार को बेंगलुरु के नए मेयर के रूप में चुने गए। इस साल कांग्रेस-जनता दल (एस) की सरकार गिरने के बाद दोनों दलों के लिए बड़ी पराजय है।
बेंगलुरु, प्रेट्र। भाजपा के एम. गौतम कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी को पटखनी देते हुए मंगलवार को बेंगलुरु मेयर पद का चुनाव जीत लिया। जोगपाल्या वार्ड के सदस्य कुमार को कुल 249 में से 129 मत मिले जबकि, कांग्रेस प्रत्याशी व दत्तात्रेय मंदिर वार्ड सदस्य आरएस सत्यनारायण 112 वोट हासिल कर पाए।
कांग्रेस उम्मीदवार को 21 मतों से हराया
कुमार मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और जैन समाज से आते हैं। भाजपा के ही बोम्मनहल्ली के सभासद सीआर राम मोहन राजू डिप्टी मेयर चुने गए हैं। उन्हें जदएस के गंगम्मा राजन्ना के 108 मतों के मुकाबले 129 वोट मिले।
विधायकों को अयोग्य घोषित किए जाने से गठबंधन को झटका
इससे पहले वर्ष 2015 में वृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) की 198 में से 101 सीटें जीतने के बावजूद भाजपा को मेयर व डिप्टी मेयर पद से दूर रहना पड़ा था। भाजपा के प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और जदएस का बीबीएमपी में गठबंधन था। इस साल गठबंधन को तगड़ा झटका तब लगा जब दोनों दलों के कई विधायक बागी हो गए और तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया।
इस चुनाव में बेंगलुरु शहर के अयोग्य घोषित किए गए पांच विधायक मतदान नहीं कर पाए। कांग्रेस सांसद डीके सुरेश और जयराम रमेश भी मतदान नहीं कर पाए। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि चार वर्षों बाद भाजपा आखिरकार मेयर व डिप्टी मेयर की कुर्सी पाने में सफल रही। अब विकास के काम में गति आएगी।
बाहरी के सवाल पर कुमार ने कहा, कर्नाटक में ही पैदा हुआ
गौतम कुमार को मेयर बनाए जाने को लेकर भाजपा के भीतर ही विद्रोही स्वर उभरे। भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भीमाशंकर पाटिल ने ट्वीट किया कि दिल्ली के दबाव में ऐसे व्यक्ति को मेयर बनाया गया है जो ठीक से लुंगी भी नहीं पहनना जानता। वहीं गौतम कुमार ने कहा कि वे कर्नाटक में ही पैदा हुए हैं।