Arvind Kejriwal: 'अगर ये किया होता तो गिरफ्तार नहीं होते', हिमंत सरमा ने बताया कैसे बच सकते थे केजरीवाल
Himanta on Kejriwal असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केजरीवाल पर हमला बोला है। शराब नीति मामले में गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए हिमंत ने कहा कि कई सम्मनों को नजरअंदाज करना किसी को खुद की गिरफ्तारी के लिए आमंत्रित करने के समान है। हिमंत ने कहा कि अगर केजरीवाल ईडी के पास गए होते तो उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता।
एएनआई, गुवाहाटी। Himanta on Kejriwal दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से सियासत तेज हो गई है। भाजपा लगातार केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रही है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी केजरीवाल पर हमला बोला है।
तो टल जाती गिरफ्तारी...
शराब नीति मामले में गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए हिमंत ने कहा कि कई सम्मनों को नजरअंदाज करना किसी को खुद की गिरफ्तारी के लिए आमंत्रित करने के समान है। असम के सीएम ने कहा कि अगर केजरीवाल ने ईडी के शुरुआती समन का जवाब दिया होता तो उनकी गिरफ्तारी को टाला जा सकता था।
ईडी के पास जाते तो गिरफ्तार नहीं होतेः हिमंत
हिमंत सरमा ने कहा कि जब किसी को 8 से 9 बार तलब किया जाता है और वह व्यक्ति समन का सम्मान नहीं करता है, तो इसका मतलब केवल यह है कि वह व्यक्ति अपनी गिरफ्तारी को आमंत्रित कर रहा है। अगर वह पहली बार बुलाए जाने पर ईडी के पास गए होते, तो उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता।
विरोध प्रदर्शन करेगी AAP
इस बीच केजरीवाल की गिरफ्तारी के जवाब में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शहरव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी ने भाजपा के खिलाफ अपना विरोध व्यक्त करने के लिए रविवार को कैंडललाइट मार्च और पुतला दहन करने की योजना बनाई है।
केजरीवाल की गिरफ्तारी को बताया फर्जी
शनिवार को जारी बयान में आप ने कहा, ''बीजेपी की तानाशाही और अरविंद केजरीवाल की फर्जी गिरफ्तारी के विरोध में कल दिल्ली भर में कैंडल मार्च और पुतला दहन किया जाएगा। अब दिल्ली की जनता सड़क पर उतर आई है।''
आम आदमी पार्टी ने कहा कि सभी को अरविंद केजरीवाल की ढाल बनकर एक साथ खड़ा होना होगा। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए आखिरी कील साबित होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।