विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Adnan Sami Controversy: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- सोनिया गांधी के पिता तो हिटलर से जुड़े थे

By Dhyanendra SinghEdited By:
Published: Mon, 27 Jan 2020 05:52 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 27 Jan 2020 06:24 PM (GMT+05:30)

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विपक्ष सामी को पद्म श्री देने का इसलिए ...और पढ़ें

Adnan Sami Controversy: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- सोनिया गांधी के पिता तो हिटलर से जुड़े थे
Adnan Sami Controversy: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- सोनिया गांधी के पिता तो हिटलर से जुड़े थे

नई दिल्ली, एजेंसियां। पाकिस्तानी मूल के हिंदुस्तानी गायक अदनान सामी (Adnan Sami) को पद्म श्री देने पर सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने जहां सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा ने विपक्षी दलों पर पलटवार किया है और सामी को इस पुरस्कार के लिए अत्यधिक योग्य बताया है।

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विपक्ष सामी को पद्म श्री देने का इसलिए विरोध कर रहा है क्योंकि उनके पिता पाकिस्तानी वायुसेना में रह चुके हैं। अगर ऐसा है तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पिता तो तानाशाह मुसोलिनी और हिटलर से जुड़े थे, फिर उन्हें भारत की नागरिकता क्यों दी गई। कांग्रेस का अभी इस पर कोई बयान नहीं आया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को वही मुस्लिम पसंद आते हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत और भारतीय संस्थाओं के विरोधी होते हैं।

पात्रा ने कहा कि तथाकथित उदारवादी और तौहीन बागवाले (भाजपा शाहीन बाग को तौहीन बाग कह रही है) सोनिया गांधी का जिक्र आने पर उन्हें उनके पिता से अलग करते हैं। संसद पर आतंकी हमले के दोषी अफजल गुरु से उसके बेटे को अलग करते हैं, लेकिन अदनान सामी को उनके पिता से जोड़ रहे हैं। ये इनका दोहरापन है।

अदनान सामी का जन्म ब्रिटेन में हुआ था। उन्होंने साल 2015 में भारत की नागरिकता मांगी थी और उन्हें एक साल बाद नागरिकता दे दी गई थी।

भाजपा प्रवक्ता ने अदनान सामी की मां नौरीन खान की पृष्ठभूमि का भी जिक्र किया, जो जम्मू की रहने वाली थीं। पात्रा ने कांग्रेस से पूछा कि क्या वह जम्मू की मुस्लिम महिलाओं की इज्जत नहीं करती है।

सामी को सम्मान, भारतीयों का अपमान : राकांपा

अदनान सामी को पद्म श्री सम्मान देने को राकांपा ने 130 करोड़ भारतीयों को अपमान बताया है। राकांपा प्रवक्ता और महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि सीएए को लेकर सवालों के घेरे में आई सरकार ने डैमेज कंट्रोल के लिए सामी को ये सम्मान देने की घोषणा की है। मलिक ने कहा कि अगर कोई भी पाकिस्तानी 'जय मोदी' का नारा लगाएगा तो उसे भारत की नागरिकता मिल जाएगी।

अदनाम पर बंटी कांग्रेस

कांग्रेस ने भी सामी को पद्म पुरस्कार देने का विरोध किया है। लेकिन पार्टी के अंदर इस मसले पर मतभेद भी नजर आ रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने जहां सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं, वहीं दिग्विजय सिंह ने सामी को बधाई दी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने अदनान सामी को भारत की नागरिकता देने की सिफारिश की थी।

कांग्रेस ने सनाउल्ला का दिया हवाला

शेरगिल ने कहा कि कारगिल में भारत की तरफ से लड़ने वाले असम के मोहम्मद सनाउल्ला को राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में विदेशी घोषित कर दिया गया है, जबकि भारत पर बम गिराने वाले पाकिस्तानी वायुसेना के अधिकारी के बेटे को भारत की नागरिकता देने के साथ ही सम्मान भी दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।