पीएम मोदी के नए मंत्रिमंडल में 20 SC-ST, 27 ओबीसी और पांच अल्पसंख्यक शामिल
नई कैबिनेट में ओबीसी के 27 मंत्रियों को शामिल किया गया है जिनमें से 19 अति पिछड़ा जातियों से हैं। इसके अलावा ओबीसी समुदाय के पांच मंत्रियों को कैबिनेट रैंक दी गई है। ये ओबीसी मंत्री 15 राज्यों से हैं। वहीं पांच मंत्री अलग-अलग अल्पसंख्यक समुदाय से हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट का विस्तार बुधवार को संपन्न हो गया है। मंत्रियों की शपथ के साथ ही मंत्रालयों का बंटवारा भी कर दिया गया है। पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में बुधवार को कैबिनेट में सबसे बड़ा फेरबदल किया गया है। इस दौरान कई नए चेहरों को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नई कैबिनेट में 20 एससी-एसटी, 27 ओबीसी और पांच अल्पसंख्यक मंत्रियों को शामिल किया गया है। मोदी कैबिनेट में 12 मंत्री दलित समुदाय के हैं, जबकि आठ मंत्री शेड्यूल ट्राइब्स से हैं।
27 मंत्री ओबीसी
नई कैबिनेट में ओबीसी के 27 मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिनमें से 19 अति पिछड़ा जातियों से हैं। इसके अलावा ओबीसी समुदाय के पांच मंत्रियों को कैबिनेट रैंक दी गई है। ये ओबीसी मंत्री 15 राज्यों से हैं। वहीं, पांच मंत्री अलग-अलग अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। इनमें एक मुस्लिम, एक सिख, दो बौद्ध और एक इसाई समुदाय से हैं।
मोदी मंत्रिमंडल में सात महिलाएं भी शामिल
मोदी मंत्रिमंडल में कैबिनेट और राज्यमंत्री मिलाकर कुल 43 नए मंत्री बनाए गए हैं जिनमें सात महिलाएं भी शामिल हैं। महिला मंत्रियों में सिर्फ अनुप्रिया पटेल दूसरी बार मंत्री बनी हैं। बाकी सभी पहली बार मंत्री बनाई गई हैं। इसके साथ मोदी की 78 मंत्रियों की कैबिनेट में महिला मंत्रियों की कुल संख्या 11 हो गई है। इन नई महिला मंत्रियों में दर्शना जरदोश, प्रतिमा भौमिक, शोभा कारंदलजे, भारती पवार, मीनाक्षी लेखी, अनुप्रिया पटेल और अन्नपूर्णा देवी शामिल हैं।
बता दें कि बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया गया है। मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के साथ ही मंत्रियों के विभागों में भी परिवर्तन हुए हैं। हालांकि ज्यादातर बड़े मंत्रियों के विभाग नहीं बदले गए हैं। राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, एस.जयशकंर, निर्मला सीतारमण, अर्जुन मुंडा जैसे स्मृति ईरानी जैसे कद्दावर मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।