Tokyo Olympics: टोक्यो में हम लंदन ओलंपिक से ज्यादा पदक जीतेंगे: धावक अरोकिया राजीव
धावक अरोकिया राजीव का मानना है कि टोक्यो ओलिंपिक में पदकों की संख्या के मामले में देश 2012 के लंदन ओलिंपिक से बेहतर प्रदर्शन करेगा। राजीव चार गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा हैं और वह शुक्रवार को टोक्यो रवाना होने वाले 26 एथलेटिक्स खिलाड़ियों में शामिल हैं।

जयपुर, पीटीआइ। खेलों के महाकुंभ कहे जाने वाले ओलंपिक का आयोजन इस बार टोक्यो में हो रहा है। इस बार भारत की तरफ से सबसे बड़ा दल भाग लेने पहुंचा है। ओलंपिक की शुरुआत से पहले भारतीय खिलाड़ी बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टोक्यो का टिकट पक्का करने वाली भारतीय धावक अरोकिया राजीव को उम्मीद है इस बार लंदन ओलंपिक की तुलना में भारत ज्यादा पदक जीतेगा।
भारतीय फर्राटा धावक राजीव का मानना है कि आगामी टोक्यो ओलिंपिक में पदकों की संख्या के मामले में देश 2012 के लंदन ओलिंपिक से बेहतर प्रदर्शन करेगा। 30 साल के राजीव चार गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा हैं और वह शुक्रवार को टोक्यो रवाना होने वाले 26 एथलेटिक्स खिलाड़ियों में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, 'हम टोक्यो 2020 में निश्चित तौर पर लंदन 2012 से ज्यादा पदक जीतेंगे।' राजीव ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने एथलीटों के लिए बहुत सारी बाधाएं पैदा की लेकिन, वे इस प्रतियोगिता के लिए अपनी तैयारी को बरकरार पर रखने में कामयाब रहे।
हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों के लिए वेब-आधारित मंच हीरोज कनेक्ट लांच किया
हॉकी इंडिया ने पुरुषों और महिलाओं के खेल में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के विस्तृत डेटाबेस को तैयार करने के लिए वेब-आधारित मंच, हीरोज कनेक्ट लांच किया। इस मंच के जरिये पूर्व और वर्तमान भारतीय हॉकी खिलाड़ी खेल के बारे में रचनात्मक चर्चा कर सकते हैं। भारत के लिए खेलने वाले सभी पूर्व और वर्तमान हाकी खिलाड़ी इस मंच पर अपना प्रोफाइल पंजीकृत कर सकते हैं, जिसे राष्ट्रीय महासंघ द्वारा सत्यापित किया जाएगा।
पूर्व ओलिंपियन साबू वर्की ने कहा कि हीरोज कनेक्ट मंच एक खूबसूरत पहल है, जो उन्हें अपने पूर्व साथियों से जुड़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, 'यह अच्छी पहल है। मैं उन कई खिलाडि़यों के संपर्क में नहीं हूं जिनके साथ मैं खेला हूं, इसलिए यह एक बहुत अच्छा मंच है, जहां मैं उनका संपर्क नंबर हासिल कर सकता हूं। उनके साथ वापस जुड़ सकता हूं और उनसे बात कर सकता हूं।'
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।