तेजस्विन-दिव्या समेत 17 एथलीट्स को मिला अर्जुन अवॉर्ड, इस बार खाली हाथ रह गया क्रिकेट जगत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कुल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। हालांकि, किसी भी क्रिकेटर को ये सम्मान नहीं मिला।

तेजस्विन हुए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित
HighLights
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए
कुल 17 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवॉर्ड
कोई भी क्रिकेटर नहीं हुआ सम्मानित
प्रेट्र, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में डेकाथलान खिलाड़ी तेजस्विन शंकर, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख और विदित गुजराती सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।
हालांकि इस बार किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था। समारोह में युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव उपस्थित रहे।
उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद 17 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया था। इससे पहले 2014 में भी किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया था।
इन खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार
विश्व कप विजेता शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, तेजस्विन और महिला युगल बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जाली उन 17 खिलाड़ियों में शामिल थीं, जिन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
20 वर्षीय देशमुख विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। जबकि गुजराती 2024 शतरंज ओलिंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।
वहीं तेजस्विन ने घुटने की समस्या से जूझने के बावजूद ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों और आइची-नागोया एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। हर वर्ष परंपरागत रूप से 29 अगस्त को दिए जाने वाले इन पुरस्कारों की इस बार घोषणा में देरी की आलोचना करते हुए तेजस्वनि ने इसे खिलाड़ियों का अनादर बताया था।
सिर्फ दो पैरा खिलाड़ी बने अर्जुन अवार्डी
वर्ष 2024 में रिकार्ड 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जिनमें से 17 पैरा खेलों से थे। इस बार पैरा खेलों से केवल पैरा विश्व चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा क्लब थ्रोअर एकता भ्यान और पैरा विश्व कप 2024 के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल को यह पुरस्कार मिला।
इस बार भी किसी क्रिकेटर को अर्जुन पुरस्कार नहीं मिला। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी 2023 में यह पुरस्कार जीतने वाले आखिरी क्रिकेटर हैं। वहीं एशियाई खेल 1962 में स्वर्ण पदक जीतने वाली फुटबॉल टीम के सदस्य रहे आई अरुमैनायगम को लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अर्जुन पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलती है।
इन खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार: तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), राजकुमार पाल (हाकी), सुरजीत (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (निशानेबाजी), त्रीसा जाली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हाकी), मुहम्मद अजमल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम): आई अरुमैनायगम (फुटबॉल)
द्रोणाचार्य पुरस्कार: परवीर सिंह, छोटे लाल यादव, नेहा चव्हाण। द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम): धर्मेंद्र यादव, वीरेंद्र कुमार।
यह भी पढ़ें- दीप्ति शर्मा और मार्को यानसन को शानदार प्रदर्शन का मिला तोहफा, ICC ने दिया खास अवॉर्ड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।