विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैरा एथलेटिक्स से स्वर्ण पदकों की होगी बरसात! प्रमोद भगत ने जताई ऐतिहासिक प्रदर्शन की उम्मीद

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:30 PM (IST)

पैरा बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यनारायण ने एशियाई पैरा खेलों में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन की ...और पढ़ें

प्रमोद भगत

प्रमोद भगत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, नई दिल्ली। भारत के पैरा बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत ने कहा कि एशियाई पैरा खेलों की चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित रखा है। इसलिए उन्हें उम्मीद है कि टीम पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भारत ने 2023 हांगझू एशियाई पैरा खेलो में पैरा बैडमिंटन में चार स्वर्ण, छह रजत और 11 कांस्य सहित 21 पदक जीते थे। भगत ने कहा कि पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों की तैयारी बहुत अच्छी रही है। खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और वह शीर्ष स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए तैयार हैं।

भारत करेगा ऐतिहासिक प्रदर्शन

मुझे पूरी उम्मीद है कि हम पिछली बार की तुलना में अधिक पदक जीतने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह टीम दमदार प्रदर्शन करने और भारत के लिए और अधिक पदक जीतने में सक्षम है। कोटा प्रणाली के कारण खिलाड़ियों की संख्या कम होने के बावजूद हमने अपने अभ्यास और तैयारी पर ध्यान केंद्रित रखा।

भगत ने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी ने अपनी तैयारी को जारी रखा और इन घटनाक्रमों का खुद पर असर नहीं पड़ने दिया। प्रत्येक खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

पैरा एशियाई खेलों में 100 पदक जीतना भारत का लक्ष्य: सत्यनारायण

पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने खिलाड़ियों की तैयारियों और उनके जज्बे पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य एशियाई पैरा खेलों में 100 पदक जीतना है। खेलों का आधिकारिक आगाज रविवार को हुआ लेकिन बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बोकिया सहित कुछ स्पर्धाएं कुछ दिन पहले ही शुरू हो गई हैं। भारत ने 2023 में हांगझू में हुए पिछले एशियाई पैरा खेलों में रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे।

सत्यनारायण ने कहा कि खिलाड़ी उत्साहित हैं और अपनी तैयारियों को पदकों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत के लिए लगभग 100 पदक जीतने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं और हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ियों में इसे हासिल करने की क्षमता और दृढ़ संकल्प है। पदक अभियान में पैरा एथलेटिक्स की अहम भूमिका होगी। हमें कल एथलेटिक्स में छह पदक जीतने की उम्मीद है, जिनमें दो से तीन स्वर्ण पदक हो सकते हैं।

सत्यनारायण को खिलाड़ियों से उम्मीदें

पैरा ऊंची कूद के खिलाड़ी और दो बार के पैरालिंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार की तैयारियों पर भी कोच ने भरोसा जताया। सत्यनारायण ने कहा कि निषाद कुमार भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और संभव है कि खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ दें।

हमारे अभियान की मजबूत शुरुआत के लिए ये अहम अवसर हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। कोच ने कहा कि प्रतियोगिता कड़ी होगी, क्योंकि पूरे एशिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन हमारे खिलाड़ी अच्छी तरह तैयार हैं और अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करने, पदक जीतने तथा देश को गौरवान्वित करने पर ध्यान दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पैरा एशियन गेम्स 2026 का शंखनाद, सिंधु घाटी सभ्यता की छाप वाली ब्लेजर पहन उतरे भारतीय खिलाड़ी; पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला

यह भी पढ़ें- Doping : पैरालिंपिक खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ तीन साल के लिए निलंबित, एशियाड जाने से भी चूके