विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैरा एशियन गेम्स 2026 का शंखनाद, सिंधु घाटी सभ्यता की छाप वाली ब्लेजर पहन उतरे भारतीय खिलाड़ी; पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:57 PM (IST)

जापान के आइची-नागोया में पैरा एशियाई खेलों का आगाज हो गया है, जहां भारतीय दल ने सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित ब्लेजर पहनकर देश की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन किया।

पैरा एशियाई खेल

पैरा एशियाई खेल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। एशियाई खेलों के बाद अब पैरा एशियाई खेलों का आगाज हो चुका है। जापान के आइची-नागोया में भारतीय दल ने रविवार को एशियाई पैरा खेलों के उद्घाटन समारोह में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसी औपचारिक ब्लेजर पोशाक पहनी, जिस पर 5000 साल पुरानी सभ्यता से प्रेरित प्रतीक और आकृतियां बनी हुई थीं।

100 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। पैरालिंपिक पदक विजेता धाविका सिमरन शर्मा और शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत ने भारतीय दल का नेतृत्व किया। दोनों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थाम रखा था। भारतीय दल के मार्च पास्ट के दौरान तिरंगा शान से लहराता नजर आया।

सिंधु घाटी सभ्यता की दिखी झलक

भारतीय खिलाड़ियों की औपचारिक ब्लेजर पोशाक पर सिंधु घाटी सभ्यता की मुहरों की छाप थी। इसमें दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक की प्राचीन लिपि और प्रतीकों को शामिल किया गया था। भारतीय पैरालिंपिक समिति ने कहा कि भारतीय दल ने सिर्फ औपचारिक पोशाक पहनकर मार्च नहीं किया, बल्कि वह अपने साथ 5000 साल पुरानी सभ्यता की विरासत लेकर उतरा। भारतीय दल की औपचारिक ब्लेजर पोशाक हमारी विरासत को समर्पित है।

ब्लेजर के कॉलर पर सप्तसिंधु को भी दर्शाया गया था। यह सात नदियों की भूमि और महान सरस्वती नदी के सम्मान का प्रतीक है। वहीं, पोशाक की जेब पर तिरंगे को प्रमुखता से जगह दी गई थी।

168 भारतीय खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

पैरा एशियाई खेल में भारत का 281 सदस्यीय दल उतर रहा है। इसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। भारतीय खिलाड़ी 11 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इन खेलों का समापन 24 अक्टूबर को होगा। इसमें 45 देशों के लगभग 3000 खिलाड़ी 'इमैजिन वन हार्ट' (एक दिल की कल्पना करें) के आदर्श वाक्य के तहत हिस्सा ले रहे हैं।

पांचवें स्थान पर रहा था भारत

भारत का एशियाई पैरा खेलों में अब तक का सबसे सफल अभियान 2023 में हांगझू में रहा था। तब भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा और रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे। इनमें 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल थे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एथलीटों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "आइची-नागोया में पैरा एशियाई खेल 2026 की शुरुआत के साथ भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं। भारत को अपने शानदार पैरा खिलाड़ियों पर बेहद गर्व है। खिलाड़ियों का साहस, समर्पण और अटूट जज्बा 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करता है।"

यह भी पढ़ें- Doping : पैरालिंपिक खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ तीन साल के लिए निलंबित, एशियाड जाने से भी चूके

यह भी पढ़ें- एशियाई खेलों के पदकवीरों से मिले पीएम नरेंद्र मोदी, 2036 ओलंपिक की मेजबानी का दोहराया संकल्प