विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Doping : पैरालिंपिक खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ तीन साल के लिए निलंबित, एशियाड जाने से भी चूके

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 18 Oct 2026 12:45 PM (IST)

पैरालिंपिक खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ को डोपिंग के आरोप में अंतरराष्ट्रीय पैरालिंपिक समिति ने तीन साल के लिए निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

अनमोल वशिष्ठ।

अनमोल वशिष्ठ।

HighLights

  1. अनमोल वशिष्ठ तीन साल के लिए डोपिंग में निलंबित।

  2. प्रतिबंधित पदार्थ डीएचसीएमटी के सेवन का आरोप।

  3. जापान पैरा एशियाई खेलों में जाने से भी चूके अनमोल ।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारतीय पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के मामले में तीन साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय पैरालिंपिक समिति (आइपीसी) की कार्रवाई के बाद अनमोल वर्ष 2029 तक किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। यह मामला नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के दौरान हुई डोपिंग जांच से जुड़ा है।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिस्पर्धा से बाहर किए गए परीक्षण में अनमोल का नमूना प्रतिबंधित पदार्थ के लिए सकारात्मक पाया गया। जांच में डीएचसीएमटी (डिहाइड्रोक्लोरोमिथाइलटेस्टोस्टेरोन) की मौजूदगी सामने आई। यह एक प्रतिबंधित एनाबालिक स्टेरायड है। इसका उपयोग खेलों में प्रदर्शन बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के नियमों के तहत इस पदार्थ का सेवन प्रतिबंधित है।

अनमोल वशिष्ठ पैरा एथलीट हैं और शाटपुट और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हैं। अनमोल ने शनिवार को फोन पर बताया कि देश में उनके सैंपल का टेस्ट परिणाम निगेटिव आया था जबकि विदेश में आए परिणाम में पाजिटिव आया हे। उनके एडवोकेट ने इस मामले में न्यायालय में याचिका दायर की है और वहीं नाडा से संपर्क में हें। बताया कि मामले का परिणाम आने पर यह निलंबन हट भी सकता है और बढ़ भी सकता है। अनमोल एथलेटिक्स कोच रोबिन सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण करते हैं।

अनमोल वशिष्ठ के साथ ही जिले के चार एथलीट इस वर्ष डोपिंग टेस्ट में पाजिटिव आने के बाद निलंबित व प्रतिबंधित हुए हैं। इससे पहले आर्यन, विधि और किरण बालियान 2029 तक के लिए प्रतिबंधित हो चुके हैं। जिस प्रतियोगिता में अनमोल का सैंपल लिया गया उसमें मेरठ के अन्य एथलीट भी प्रतिभाग कर रहे थे। उनके टेस्ट सैंपल नहीं लिए गए थे। अनमोल का भी नाम जापान में पैरा एशियन गेम्स की सूची में था लेकिन डोप टेस्ट में फेल होने के कारण वह जापान नहीं जा सके और एक पदक की संभावना खत्म हो गई।