वर्ल्ड कप के लिए भारत आएगी पाकिस्तानी टीम, विवादों के बीच मिल गई हरी झंड़ी
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंध और खराब हो गए हैं। भारत में हर मोर्चे पर पाकिस्तान का विरोध हो रहा है जिसको देखते हुए पाकिस्तान ने इस समय जारी हॉकी एशिया कप से नाम वापस ले लिया था। हालांकिउसने एक वर्ल्ड कप में खेलने की पुष्टि कर दी है।

जागरण संवाददाता, राजगीर: हाल में तनातनी के बाद भारत से रिश्ते में पड़ी धूल कुछ हद तक खेल के जरिए साफ होगी। हॉकी जूनियर विश्वकप में भाग लेने भारत आने के लिए पाकिस्तान की टीम ने हामी भर दी है। बिहार के राजगीर में खेली जा रही एशिया पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह इस बात की जानकारी दी।
भोलानाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेले जाने वाले टूर्नामेंट में पड़ोसी देश पाकिस्तान की भी सहभागिता होगी। उन्होंने नाम बताए बिना यह भी कहा कि बिहार में जल्द एशिया हॉकी से बड़े टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
मैदान है तैयार
भोलानाथ सिंह ने कहा कि शुक्रवार की रात जूनियर विश्वकप के लिए पाकिस्तान की तरफ से टूर्नामेंट में आने के लिए हरी झंडी मिल गई है। चेन्नई का मैदान तैयार है। मदुरै के मैदान पर काम चल रहा है। राजगीर में खेली जा रही एशिया हॉकी में पाकिस्तान के न शामिल होने से जुड़े प्रश्न पर भोलानाथ ने कहा कि यह उनका निजी कारण हो सकता है, हमें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है।
हॉकी में पटरी पर आ गया बिहार
भोलानाथ सिंह ने कहा कि मैंने बिहार हॉकी में सुधार के लिए काफी प्रयास किया। उसका परिणाम है कि अब राज्य में दिख रहे परिवर्तन की लोग प्रशंसा कर रहे हैं। पहले स्थिति काफी खराब थी। अब खेलो इंडिया जैसे बड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने देश के सैकड़ों खिलाड़ी बिहार आकर आयोजन की प्रशंसा कर रहे हैं। राज्य अब पटरी पर आ गया है।
बेहतर प्रशिक्षक और अच्छी अकादमी बिहार में है। भोलानाथ ने कहा कि राज्य में महिला हाकी संपन्न और पुरुष हाकी का आयोजन हो रहा है। हम यहां प्रतियोगिता से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में बिहार को एशिया हाकी से बड़ी प्रतियोगिता की सौगात दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।