लक्ष्य सेन ने कुमामोतो मास्टर्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह, किदांबी श्रीकांत का सफर हुआ खत्म
स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कुमामोतो मास्टर्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं किदांबी श्रीकांत का सफर टूर्नामेंट में खत्म हो गया है।

लक्ष्य सेन का शानदार प्रदर्शन जारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, कुमामोतो (जापान)। भारत के अनुभवी खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, लेकिन किदांबी श्रीकांत एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और सीधे गेम में हारकर से बाहर हो गए।
विश्व के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने 40 मिनट तक चले क्वार्टर फाइनल मैच में जापान के युशी तनाका को 21-16, 21-15 से पराजित किया। इस भारतीय खिलाड़ी के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें चीन में होने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने के लिए बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग के शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी।
सेमीफाइनल में होगा अल्वी फरहान
हाल में हाइलो ओपन जीतने वाले आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य वर्तमान में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर हैं। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी अल्वी फरहान से होगा।
भारतीय खिलाड़ी ने विश्व में 10वें नंबर के फरहान के विरुद्ध अभी तक दो मैच खेले हैं जिनमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले विश्व के 31वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत एक बार फिर अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे।
पहले गेम में उन्होंने अपने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा लेकिन दूसरे गेम में वह अच्छी बढ़त का फायदा नहीं उठा पाए और जापान के विश्व के 15वें नंबर के खिलाड़ी कोकी वातानाबे से 22-24, 15-21 से हार गए।
भारतीय खिलाड़ी ने गुरुवार को जापान के विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी और विश्व चैंपियनशिप में दो बार के रजत पदक विजेता कोडाई नाराओका को हराया था लेकिन वातानाबे के खिलाफ वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।