Khelo India 2025: हर्षबर्धन, अस्मिता ने पहले दिन बनाया राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड
हर्षवर्धन साहू और अस्मिता धोने ने खेलो इंडिया युवा खेल 2025 में भारोत्तोलन स्पर्धा के पहले दिन रिकार्ड प्रदर्शन किया। दोनों ने नया राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड बनाया। ज्योशना साबर ने लड़कियों के 40 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय मेंस और मिक्स्ड चार गुणा 400 मीटर टीमें टोक्यो विश्व चैंपियनशिप के लिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक गईं।

पटना, प्रेट्र। हर्षवर्धन साहू और अस्मिता धोने ने खेलो इंडिया युवा खेल 2025 में भारोत्तोलन स्पर्धा के पहले दिन रिकार्ड प्रदर्शन किया। ओडिशा के गंजम जिले के खेलो इंडिया खिलाड़ी हर्षबर्धन ने लड़कों के 49 किलो वर्ग में दो राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड बनाए। 16 वर्ष के होने जा रहे हर्षबर्धन ने क्लीन और जर्क और समग्र भार में क्रमश: 115 और 203 किलो वजन उठाकर नया राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने स्नैच में 88 किलो वजन उठाया। पिछला रिकॉर्ड झारखंड के बाबूलाल हेमब्रोम के नाम था। आईडब्ल्यूएफ विश्व युवा चैंपियनशिप में पदकों की हैट्रिक लगाने वाली 16 वर्ष की ज्योशना साबर ने लड़कियों के 40 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, महाराष्ट्र की अस्मिता धोने और उत्तर प्रदेश की मानसी चामुंडा ने लड़कियों के 49 किलो वर्ग में स्नैच, क्लीन एंड जर्क और समग्र भारवर्ग में नए राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड बनाए।
विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने से चुकीं भारतीय टीमें
भारतीय मेंस और मिक्स्ड चार गुणा 400 मीटर टीमें टोक्यो विश्व चैंपियनशिप के लिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक गईं और यहां शनिवार को विश्व एथलेटिक्स रिले के पहले दिन पांचवें स्थान पर रहीं। दोनों टीमों को 13 से 21 सितंबर तक होने वाली विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाने का एक और मौका रविवार को मिलेगा। भारत की चार गुणा 400 मीटर मिश्रित टीम (जय कुमार, स्नेहा कोल्लेरी, धरमवीर चौधरी और रूपल चौधरी) ने मिनट 16.85 सेकंड का समय निकालकर सात टीमों की तीसरी हीट में पांचवें स्थान पर रहे।
हर हीट से शीर्ष दो टीमें और बाकी में से सबसे तेज समय निकालने वाली दो टीमें विश्व चैंपियनशिप और विश्व एथलेटिक्स रिले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रहीं। भारत को टोक्यो विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाने का एक और मौका रविवार को मिलेगा। भारतीय चौकड़ी चौथी हीट में बोत्स्वाना, इटली, जर्मनी, युगांडा और कनाडा का सामना करेगी। रविवार को दोनों हीट की शीर्ष तीन टीमें विश्व चैंपियनशिप में पहुंचेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।