IOA Elections 2026: भारतीय ओलंपिक संघ की राजनीति में बड़ा उलटफेर, पीटी उषा ने अध्यक्ष पद की रेस से खींचे हाथ
भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी पीटी उषा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष पद के लिए दोबारा चुनाव नहीं लड़ेंगी, जिससे उनका चार साल का कार्यकाल 5 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा।

पीटी उषा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी पीटी उषा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष पद के लिए दोबारा चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके साथ ही उनका चार साल का कार्यकाल पांच दिसंबर को नई कार्यकारी परिषद के कार्यभार संभालने के साथ समाप्त हो जाएगा।
10 दिसंबर 2022 को आईओए की पहली महिला अध्यक्ष बनीं पीटी उषा ने मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन जमा करने की अंतिम समय सीमा शाम 4:30 बजे थी। भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा और ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने सोमवार को ही इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी थी।
एसओएम चुनाव में हार के बाद लिया फैसला
पीटी उषा का चुनाव नहीं लड़ने का फैसला ऐसे समय आया है, जब उन्हें इस महीने की शुरुआत में स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (एसओएम) के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में आईओए के निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने उन्हें भारतीय आइस हॉकी संघ (आइएचएआइ) का प्रतिनिधित्व करते हुए चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दे दी थी।
इससे पहले उनके नाम को लेकर आपत्तियां उठाई गई थीं। पीटी उषा ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि एसओएम चुनाव में उनकी हार अन्य उम्मीदवारों की ओर से बाहरी ताकतों के दबाव में की गई हेराफेरी का नतीजा थी।
दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंचा था मामला
पीटी उषा को आइस हॉकी संघ का प्रतिनिधि बनाए जाने के फैसले को लेकर भी विवाद हुआ था। भारतीय आइस हॉकी संघ के एक धड़े ने निर्वाचन अधिकारी के इस फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि, बाद में उसने अपनी याचिका वापस ले ली थी। अब पीटी उषा के चुनावी दौड़ से बाहर होने के बाद आईओए के अगले अध्यक्ष के चयन का रास्ता साफ हो गया है। पांच दिसंबर को नई कार्यकारी परिषद के कार्यभार संभालने के साथ ही उनका कार्यकाल औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।