ओलंपिक-2036 मेजबानी के लिए भारत ने पेश किया रोडमैप, दी हर बात की जानकारी
भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना विजन और रोडमैप प्रस्तुत किया।
-1795770658158_m.webp)
ओलंपिक-2036 की मेजबानी करना चाहता है भारत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। देश में खेल बुनियादी ढांचे के तेजी से हो रहे विकास को रेखांकित करते हुए भारत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ ऑनलाइन बैठक में 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना विजन और प्रस्तावित रोडमैप पेश किया।
30 मिनट तक चले इस प्रेजेंटेशन के बाद कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच की अगुआई वाले नौ सदस्यीय फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ करीब 20 मिनट तक संक्षिप्त चर्चा हुई। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने कहा कि प्रेजेंटेशन में प्रस्तावित मेजबान शहर अहमदाबाद की तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।
इन बातों की दी गई जानकारी
इसमें खेल बुनियादी ढांचे के साथ-साथ आईओए को शहर, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग को भी शामिल किया गया। जानकारी के अनुसार, इसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने के भारत के अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास की योजनाओं और ओलंपिक के आयोजन के लिए दीर्घकालिक विजन पर भी चर्चा की गई। जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में शामिल हैं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, तुर्किये फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना पहला प्रेजेंटेशन पहले ही दे चुका है।
दिसंबर में होगा जनता की राय जानने के लिए सर्वे
प्रेजेंटेशन के बाद आईओसी भारत की मेजबानी की दावेदारी को लेकर आम जनता की राय जानने के लिए एक गुमनाम सर्वे कराएगा। यह सर्वे दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है। अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इस सर्वे की अहम भूमिका होगी। इसके बाद रणनीतिक संवाद का चरण शुरू होगा। इस चरण में मेजबानी की इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली और वित्तीय गारंटी से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर अपनी शुरुआती प्रतिक्रिया देनी होगी।
भारत की ओर से इन अधिकारियों ने किया प्रतिनिधित्व
गुरुवार को हुए प्रेजेंटेशन में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरिरंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, आईओसी में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी, आईओए एथलीट आयोग की प्रमुख और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने किया। इसके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी, आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर और कुछ अन्य अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।