विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोई 50 हजार के तीरों के लिए जूझ रहा, तो किसी ने 14 महीने में टॉप-7 में बनाई जगह; अब ओलंपिक पर निशाना

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:56 AM (IST)

दो युवा तीरंदाज रुद्र प्रताप सिंह (गया) और अयान राज (पटना) ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का सपना देख रहे हैं।

खिलाड़ी आयाम राज और खिलाड़ी रुद्र प्रताप सिंह।

खिलाड़ी आयाम राज और खिलाड़ी रुद्र प्रताप सिंह।

HighLights

  1. 13 वर्षीय गया के तीरंदाज रुद्र प्रताप सिंह का ओलंपिक पदक जीतने का सपना।

  2. 11 वर्षीय पटना के अयान राज ने राष्ट्रीय रैंकिंग में सातवां स्थान पाया।

  3. आर्थिक तंगी और संसाधन कमी के बावजूद युवा तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। उम्र महज 13 साल, लेकिन सपना देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतने का है। गया जिले के आठवीं कक्षा के छात्र रुद्र प्रताप सिंह ने छोटी उम्र में ही तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

अंडर-14 आयु वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर चुके रुद्र की नजर अब 2036 में होने वाले ओलंपिक पर है। हालांकि, उनकी इस उड़ान के रास्ते में आर्थिक तंगी और खेल संसाधनों की कमी बाधा बन रही है।

रुद्र ने मिनी नेशनल-2026 में स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले 2024 और 2025 में हैदराबाद में आयोजित डीसी नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में लगातार दो वर्षों तक स्वर्ण पदक हासिल किया।

भागलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक और अगस्त में पाटलिपुत्र में हुई राजा कर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया।

रुद्र के पिता फाइन आर्ट के शिक्षक हैं। ऐसे में परिवार के लिए तीरंदाजी का महंगा खर्च उठाना आसान नहीं है। रुद्र की प्रतिभा को देखते हुए स्कूल ने तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी, जिससे उनके लिए धनुष खरीदा जा सका।

रुद्र के अनुसार, 12 तीर खरीदने में करीब 50 हजार रुपये खर्च होते हैं। अभ्यास के दौरान तीर खराब होने के कारण हर साल इन्हें बदलना पड़ता है। ऐसे में उन्हें सरकार और खेल विभाग से आर्थिक सहयोग की उम्मीद है, ताकि संसाधनों की कमी उनके ओलंपिक तक पहुंचने के सपने में बाधा न बने।

14 महीने के अभ्यास में अयान ने साधा निशाना, राष्ट्रीय रैंकिंग में सातवें स्थान पर पहुंचे

पटना के मुसल्लहपुर हाट निवासी 11 वर्षीय अयान राज ने छोटी उम्र में ही तीरंदाजी की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले अयान ने महज 14 महीने के अभ्यास में कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है।

अगस्त 2026 तक सीबीएसई तीरंदाजी खिलाड़ियों की राष्ट्रीय रैंकिंग में उन्होंने सातवां स्थान हासिल किया था। फिलहाल अयान पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

अपने बड़े भाई आर्यन राज को तीरंदाजी करते देखकर अयान की भी इस खेल में रुचि जगी। शुरुआत में उन्हें धनुष से तीर चलाने और उस पर नियंत्रण रखने में काफी परेशानी होती थी।

उन्होंने नियमित व्यायाम के साथ एकाग्रता और धैर्य से निशाना साधने का अभ्यास जारी रखा। उनकी मेहनत रंग लाई और प्रतियोगिताओं में पदक मिलने लगे।

चार नवंबर 2025 को विद्यालय स्तरीय राज्य प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2026 में आयोजित खेलो इंडिया ओपन की अंडर-13 स्पर्धा में रजत और अंडर-15 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। ईस्ट जोन सीबीएसई की अंडर-14 प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीता।

खास बात यह है कि नवंबर 2025 में अपनी पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 56वां स्थान मिलने के बावजूद अयान ने हिम्मत नहीं हारी। लगातार अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय रैंकिंग में सातवां स्थान हासिल कर अपनी क्षमता साबित की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।