Asian Para Games 2026: पैरा निशानेबाजी में भारत को मिली दोहरी सफलता, मोना ने जीता सोना तो अवनि को मिला सिल्वर
आइची-नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारत को पैरा निशानेबाजी में दोहरी सफलता मिली है। महिलाओं की ...और पढ़ें

मोना और अवनि ने जीते मेडल
HighLights
मोना ने पैरा एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता
अवनि लेखरा ने 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल किया नाम
भारत को पैरा निशानेबाजी में दोहरे पदक की सफलता मिली
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत को आइची-नागोया में खेले जा रहे पैरा एशियन गेम्स-2026 में सोमवार को दोहरी सफलता मिली है। पैरा निशानेबाजी में भारत के हिस्स दो मेडल आए हैं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 के फाइनल में मोना ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया तो वहीं अवनि लेखरा ने सिल्वर जीता है।
दोनों के बीच अच्छी टक्कर देखने को मिली और मोना ने अंत में 250.0 का स्कोर करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, अवनि 249.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं।
रोमांचक रहा फाइनल
फाइनल में अवनि ने 53.2 का स्कोर करते हुए शुरुआती बढ़त ले ली थी। दूसरी सीरीज में उन्होंने 104.8 के स्कोर के साथ अपनी बढ़त कायम रखी। वहीं, मोना 102.9 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर थीं। इसके बाद मोना ने अंकों के अंतर को पाटने की कोशिश की। तीसरी सीरीज के दूसरे स्टेज में मोना 165.7 के स्कोर के साथ दूसरे पर थीं तो वहीं अवनि 167.2 के साथ पहले नंबर पर ही थीं। मोना ने हार नहीं मानी और आखिरी सीरीजों में वापसी करते हुए काफी करीबी अंतर से गोल्ड अपने नाम किया।
ऐसा रहा था क्वालिफिकेशन
मोना ने क्वालिफिकेशन में 629.1 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया था। वहीं, अवनि 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं। फाइनल में भी यही स्थिति देखने को मिली। अवनि दो बार की पैरालंपिक मेडलिस्ट हैं और इसलिए उनसे गोल्ड की ज्यादा उम्मीदें थीं। हालांकि, कड़े मुकाबले में मोना बाजी मार ले गईं।
