Asian Team Championship 2025: भारतीय टीम में चुनी गईं अनिका दुबे और अकांक्षा गुप्ता
Asian Team Championship 2025 एशियन टीम चैंपियनशिप 2025 में अनिका दुबे और अकांक्षा गुप्ता को भारतीय स्क्वैश टीम में चुना गया है। यह उपलब्धि महाराष्ट्र के लिए काफी गर्व का विषय है। अनिका दुबे ने कहा यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। मैंने कड़ी मेहनत की है और अब इतने बड़े मंच पर खेलने के लिए उत्साहित हूं।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन टीम चैंपियनशिप 2025 में पुणे की दो खिलाड़ी अनिका दुबे और अकांक्षा गुप्ता को भारतीय स्क्वैश टीम में चुना गया है। यह उपलब्धि महाराष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। इतना ही नहीं यह राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की मजबूत उपस्थिति को भी दर्शाती है।
अनिका दुबे ने रचा इतिहास
14 साल की अनिका दुबे इस टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी हैं। अनिका महाराष्ट्र की सबसे सफल जूनियर स्क्वैश खिलाड़ी हैं। वह तीन राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर चुकीं हैं। अनिका दुबे ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। मैंने कड़ी मेहनत की है और अब इतने बड़े मंच पर खेलने के लिए उत्साहित हूं।
अकांक्षा गुप्ता को मिली जगह
अकांक्षा गुप्ता भी भारतीय स्क्वैश टीम में शामिल हुई हैं। 2019 में महज 10 साल की उम्र में राष्ट्रीय खिताब जीतने वाली अकांक्षा की यात्रा उनकी प्रतिबद्धता और बेहतरीन प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने कहा, भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। इस मुकाम तक पहुंचने में मिले समर्थन और प्रशिक्षण के लिए मैं आभारी हूं।
चांस 2 स्पोर्ट्स कांगा किड्स प्रोग्राम के जरिए युवा खिलाड़ियों को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इन दोनों खिलाड़ियों को कोच अभिनव सिन्हा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित किया गया है, जिन्होंने हर साल एक राष्ट्रीय चैंपियन तैयार करने का रिकॉर्ड बनाया है। जैसे-जैसे एशियन टीम चैंपियनशिप 2025 नजदीक आ रही है, अनिका और अकांक्षा अपनी ट्रेनिंग में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। भारतीय स्क्वैश के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जगाने वाली इन युवा सितारों की यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि चांस 2 स्पोर्ट्स के विजन की भी जीत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।