बालीशंकरा, कोइड़ा व राजगांगपुर ब्लाक में शांतिपूर्ण मतदान
सुंदरगढ़ जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तीसरे चरण का मतदान रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तीसरे चरण का मतदान रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। बालीशंकरा, राजगांगपुर व कोइड़ा ब्लाक के कुल 704 बूथों पर 478 वार्ड सदस्य, 286 सरपंच, 223 समिति सदस्य तथा 26 जिला परिषद सदस्य पद के लिए मतदान किया गया एवं इसी के साथ उनका राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया। रविवार को बालीशंकरा, राजगांगपुर व कोइड़ा ब्लाक के छह जिला परिषद सीट के लिए 26 प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। कोइड़ा क जोन से भाजपा की मुनी मुंडा, कांग्रेस की टूरी मुंडा, झामुमो की प्यारी मुंडा, बीजद कर रमामणी मुंडा, माकपा की सुशीला मुंडा, कोइड़ा ख सीट से बीजद के अशोक कुमार नायक, भाजपा के कुलमणि पात्र, माकपा के बादल बारिक, कांग्रेस के राजकिशोर पात्र, आजसू की सस्मिता बारिक, निर्दलीय दिलीप दास चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने अपने अपने बूथ में जाकर मतदान किया। बालीशंकरा ब्लॉक में 19 पंचायत में 256 बूथों पर मतदान हुआ। यहां 106 सरपंच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं 19 समिति सदस्य पद के लिए 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। साथ ही वार्ड सदस्य पद के लिए 127 प्रत्याशियों के लिए रविवार को मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजगांगपुर ब्लाक के 20 पंचायत में 265 बूथों पर सुबह से ही मतदान शुरू हुआ एवं मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां सरपंच पद के लिए 113 प्रत्याशी हैं जबकि 83 समिति सदस्य एवं 172 वार्ड सदस्य उम्मीदवार मैदान में हैं। दो जिला परिषद सीट के लिए सात प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य भी दांव पर लगा है। कोइड़ा ब्लाक में 15 पंचायत में 183 बूथों पर मतदान कराया गया। यहां 67 सरपंच प्रत्याशी, 50 समिति सदस्य प्रत्याशी एवं 197 वार्ड सदस्य प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।