वेदांता कौशल केंद्र में हुनर सीखकर पाई नौकरी, 26 युवाओं का टाटा मोटर्स और फ्लिपकार्ट कंपनी में हुआ सिलेक्शन
वेदांता एल्यूमीनियम के लांजीगढ़ स्थित कौशल केंद्र से प्रशिक्षित 26 युवाओं को टाटा मोटर्स और फ्लिपकार्ट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिली है।
-1793432570669-1793432586427_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
वेदांता कौशल केंद्र के 26 युवाओं को मिला रोजगार।
टाटा मोटर्स और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों में चयन।
कौशल प्रशिक्षण से ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भरता।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में वेदांता एल्यूमीनियम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
कंपनी के लांजीगढ़ स्थित वेदांता कौशल केंद्र के सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम के नवीनतम बैच के 87 प्रतिशत प्रशिक्षुओं को रोजगार मिला है।
कुल 30 प्रशिक्षुओं में से 26 का देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है। इनमें 11 युवाओं को कोयंबटूर स्थित फ्लिपकार्ट में नौकरी मिली है, जबकि अन्य युवाओं को भी विभिन्न कंपनियों में अवसर प्राप्त हुए हैं।
तीन महीने के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत युवाओं को बिजली से जुड़े तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही कंप्यूटर ज्ञान, संवाद कौशल, कार्यस्थल पर व्यवहार, साक्षात्कार की तैयारी और व्यक्तित्व विकास का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
इस बैच के लोकनाथ माझी का चयन अहमदाबाद स्थित टाटा मोटर्स में हुआ है। वहीं, लांजीगढ़ की नीतूनी दंडसेना और सापुल्काचा के जगा माझी को फ्लिपकार्ट में नौकरी मिली है। प्रशिक्षुओं के लिए यह उपलब्धि आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में भी अहम कदम है।
इस अवसर पर वेदांता एल्यूमिना बिजनेस के सीईओ प्रणब कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण युवाओं का जीवन बदलने और उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कंपनी युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि वेदांता कौशल केंद्र में इलेक्ट्रिशियन, बेकिंग तकनीशियन, खाद्य एवं पेय सेवा तथा सिलाई मशीन संचालन सहित विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक केंद्र के माध्यम से 831 युवाओं को रोजगार मिल चुका है।
कौशल विकास कार्यक्रम के तहत कुल रोजगार दर 79 प्रतिशत रही है। इससे कालाहांडी सहित आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
यह भी पढ़ें- अब दक्षिण अंडमान सागर में बन रहा लो प्रेशर, ओडिशा में 1 से 3 नवंबर तक बारिश का अनुमान
यह भी पढ़ें- कोरापुट में सब्जी विवाद बना जानलेवा, पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या