Odisha: विश्व के 50 देश भारत के कृषि उत्पादों का चख रहे हैं स्वाद, बालेश्वर में बोले मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला
केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने बालेश्वर में तीन दिवसीय कृषि मेले का उद्घाटन किया। इस मेले में किसानों को कृषि को बढ़ावा देने संबंधित विभिन्न योज ...और पढ़ें

बालेश्वर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने स्थानीय कुरुडा मैदान में तीन दिवसीय कृषि मेला का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज विश्व के 50 देश भारत के कृषि उत्पाद चख रहे हैं।
मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि देश के सभी प्रधानमंत्रियों ने कृषि विकास को लेकर चिंता जाहिर किया था लेकिन पीएम मोदी ऐसे प्रथम प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने कृषि और कृषक दोनों का विकास किया।
उन्होंने कहा कि उद्योग और कृषि इन दोनों का विकास होने से देश का विकास होता है। उन्होंने पीएम मोदी का धन्यवाद देते हुए कहा कि पीएम ने अपने शासनकाल में और अपने कार्यकाल में किसानों की चिंता कर उनके विभिन्न समस्याओं का समाधान किया। उनके लिए कई योजनाएं लाकर कृषि का विकास किया। जिसके कारण आज विश्व के बाजार में भारतीय कृषि उत्पादों की भारी मांग है।
बता दें कि इस कृषि मेले में एक सौ से ज्यादा किसानों ने हिस्सा लिए थे। यह कार्यक्रम इसी महीने के 25, 26 और 27 मार्च यानी तीन दिनों तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में कृषि यंत्र निर्माताओं, मछली पालकों, पशु पशुपालकों, स्वयं सहायक संस्थानों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले में कृषि संबंधित दी जाएगी जानकारी
इसके अलावा, यहां कृषि संबंधित विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कृषि को बढ़ावा देने संबंधित विभिन्न योजनाओं और उससे संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों को कृषकों को जानकारी दी जाएगी।
500 सफल किसानों का किया जाएगा सम्मान
इस कार्यक्रम में जिले के 500 सफल कृषकों को सम्मानित किया जाएगा। यहां पर एक सौ से ज्यादा विभिन्न स्टालों के जरिए लोगों को कृषि संबंधित विशेष जानकारियां दी जाएंगी और उत्पादकों को अपने उत्पाद बेचने का यहां मौका भी मिलेगा। इसके साथ ही प्रत्येक दिन शाम को विभिन्न रंगारंग और सांस्कृतिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।