Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sambit Patra In Odisha: संबित पात्रा बोले, बंगाल की तरह ओडिशा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले

    By Sachin Kumar MishraEdited By:
    Updated: Sun, 13 Mar 2022 09:30 PM (IST)

    Sambit Patra In Odisha भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बंगाल की तरह ओडिशा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं। राजनीतिक विद्वेष में उन्हें जान से मारने की कोशिशें हो रही हैं। लोकतंत्र के लिए यह स्थिति घातक है।

    Hero Image
    बंगाल की तरह ओडिशा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले: संबित पात्रा। फोटो जागऱण

    भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बंगाल की तरह ओडिशा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं। राजनीतिक विद्वेष में उन्हें जान से मारने की कोशिशें हो रही हैं। लोकतंत्र के लिए यह स्थिति घातक है। खुर्दा जिले के बाणपुर में बीजद के निलंबित विधायक प्रशांत जगदेव द्वारा 22 लोगों को गाड़ी से कुचल देने की घटना के दूसरे दिन रविवार को संबित पात्रा भुवनेश्वर में प्रेस से बात कर रहे थे। पात्रा ने कहा कि विधायक जगदेव अहंकार में डूबे हुए हैं। राज्य सरकार को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घायलों में ज्यादातर भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। घायलों का हालचाल जानने के लिए मैं यहां आया हूं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    निलंबन का नाटक कर रहा बीजद, विधायक को बर्खास्त करे

    संबित ने कहा कि लोकतंत्र में जनता विधायक की दबंगई और हत्या के प्रयास जैसे आचरण को कभी स्वीकार नहीं करेगी। बीजद नेतृत्व को विधायक प्रशांत जगदेव पर कार्रवाई कर उन्हें तुरत पार्टी से बर्खास्त कर देना चाहिए। पहले भी प्रशांत जगदेव पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई करने और कानून हाथ में लेने के आरोप लगे थे। तब बीजद ने उनके निलंबन की बात कही थी, लेकिन यह निलंबन नाटक साबित हुआ। निलंबित होने के बाद भी विधायक पार्टी के सभी कायरें में शामिल हो रहे थे।

    राज्य भर में सत्याग्रह आंदोलन करेगी भाजपा

    चिलिका विधायक प्रशांत जगदेव द्वारा बाणपुर में 22 लोगों को अपनी गाड़ी से कुचलने की घटना के विरोध में सोमवार को राज्य भर में भाजपा सत्याग्रह आंदोलन चलाएगी। रविवार को भुवनेश्वर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के महासचिव गोलक महापात्र ने यह जानकारी दी। --पार्टी के संविधान के अनुसार बर्खास्त हैं प्रशांत जगदेव बीजद के वरिष्ठ नेता और पुरी के सांसद पिनाकी मिश्र ने कहा कि चिलिका विधायक प्रशांत जगदेव के ऊपर पहले ही भाजपा मंडल अध्यक्ष के ऊपर हमला करने का आरोप लगा था। इसे लेकर आठ सिंतबर 2021 को बीजद ने उन्हें निलंबित किया था। पार्टी के संविधान के मुताबिक कोई भी सदस्य यदि तीन महीने तक निलंबित रहता है तो फिर बर्खास्त माना जाता है।

    भाजपा की बढ़त से बौखलाए थे विधायक

    बताया जाता है कि ब्लाक अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की बढ़त से बीजद के निलंबित विधायक प्रशांत जगदेव बौखला गए थे। इसी बौखलाहट के बीच उन्होंने बाणपुर ब्लाक परिसर में चुनाव के लिए जमा लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। निकाय चुनाव के दौरान प्रदेश भर में नवीन पटनायक की लहर के बावजूद बाहुबली विधायक प्रशांत जगदेव के चिलिका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने बीजद को कड़ी टक्कर दी और दो प्रखंडों बाणपुर तथा चिलिका में जीत हासिल की है। बीजद के निलंबित विधायक ने जिन लोगों को गाड़ी से रौंदा गया, उनमें ज्यादातर भाजपा के कार्यकर्ता हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही विधायक को गिरफ्तार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभी पुलिस हिरासत में उनका इलाज चल रहा है। लोगों की पिटाई से विधायक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। वहीं गाड़ी से कुचले गए दो भाजपा कार्यकर्ताओं की स्थिति भी नाजुक है। 

    बीजद का भाजपा पर पलटवार 

    प्रशांत जगदेव के अमानवीय घटना को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्र द्वारा पत्रकार सम्मेलन किए जाने के बाद बीजू जनता दल की तरफ से पार्टी के प्रवक्ता तथा सांसद सस्मित पात्र ने भी पत्रकार सम्मेलन किया है। उन्होंने कहा कि चिलिका विधायक प्रशांत जगदेव बीजू जनता दल में नहीं हैं। प्रशांत जगदेव को बीजद से बहिष्कृत करने की हो रही मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजद के प्रवक्ता तथा सांसद सस्मित पात्र ने कहा कि विधायक के खराब आचरण के कारण पार्टी ने पहले ही उन्हें निलंबित कर दिया था और वह पार्टी में नहीं है। विधायक को पार्टी से बहिष्कृत करने की मांग कर भाजपा राजनीति कर रही है। विधायक प्रशांत ने जो अमानवीय कार्य किया है, उसके खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करे। कानून के अनुसार पुलिस कार्रवाई करे। बीजू जनता दल का मानना है कि जो अभियुक्त हैं, उसे कानून के हिसाब से दंड मिलना चाहिए। वहीं, उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य में इसी तरह की घटना घटी थी। उस समय भाजपा नेता कहते थे कि उक्त प्रसंग में राजनीतिक ठीक नहीं है। कानून अपना काम करेगा। फिर बाणपुर मामले में भाजपा नेता किस प्रकार से राजनीति कर रहे हैं। इससे भाजपा की डबल नीति पता चलती है। उक्त प्रसंग को लेकर भाजपा राजनीति कर रही है, जो ठीक नहीं है। पुलिस ने संगीन दफा में यहां तक 307 दफा में मामला दर्ज हुआ है, पुलिस सख्ती के साथ कानून के तहत कार्रवाई कर रही है और करेगी।