विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: घूसखोर दारोगा को पकड़ने के लिए विजिलेंस ने तालाब में लगाई छलांग, 10 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:02 PM (IST)

ओडिशा के संबलपुर में विजिलेंस टीम ने एक सब-इंस्पेक्टर को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

घूसखोर दारोगा को पकड़ने के लिए विजिलेंस ने तालाब में लगाई छलांग, 10 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

घूसखोर दारोगा को पकड़ने के लिए विजिलेंस ने तालाब में लगाई छलांग, 10 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

HighLights

  1. संबलपुर में सब-इंस्पेक्टर 10,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. गिरफ्तारी से बचने के लिए तालाब में कूदा, विजिलेंस ने पकड़ा।

  3. आरोपी के कमरे से ₹1.55 लाख से अधिक नकद बरामद।

संवाद सहयोगी, संबलपुर (ओडिशा)। ओडिशा के संबलपुर में भ्रष्टाचार का एक बेहद सनसनीखेज और फिल्मी मामला सामने आया है। यहां विजिलेंस टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दारोगा ने भागते हुए एक तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन विजिलेंस की टीम ने हार नहीं मानी और एक अधिकारी ने पानी में तैरकर उसे दबोच लिया।

आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम और थाने में स्थित उसके कमरे से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, महूलपाली पुलिस स्टेशन में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुजीत कुमार मोहंता एक विविध मामले (मिसलेनियस केस) के जांच अधिकारी (आईओ) थे। इस मामले को रफा-दफा करने और अंतिम रूप देने के एवज में उन्होंने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की घूस मांगी थी।

अपनी इस काली करतूत को अंजाम देने के लिए एसआई ने गुरुवार को शिकायतकर्ता को थाने के बाहर एक सुनसान जगह पर बुलाया। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम अपने हाथों में ली, वहां पहले से जाल बिछाकर बैठी विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की।

विजिलेंस टीम को देखते ही दारोगा के होश उड़ गए और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए सड़क पर भाग खड़ा हुआ। विजिलेंस अधिकारियों ने भी उसका पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी एसआई ने बचने की आखिरी कोशिश में पास के ही एक तालाब में छलांग लगा दी।

हालांकि, उसका यह पैंतरा काम नहीं आया क्योंकि विजिलेंस टीम के एक सदस्य ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत तालाब में छलांग लगा दी और तैरकर उसे पानी के बीच ही धर दबोचा। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत के पूरे 10 हजार रुपये बरामद कर लिए।

इस नाटकीय गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस विभाग ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) के दृष्टिकोण से एसआई के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। इसी कड़ी में थाने के परिसर में स्थित उसके विश्राम कक्ष (रेस्ट रूम) की तलाशी ली गई, जहां से 1,55,700 रुपये की अतिरिक्त नकदी बरामद हुई है।

इस संबंध में संबलपुर विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम की धारा 7 के तहत कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जोरों पर है। बता दें कि आरोपी सुजीत कुमार मोहंता ने साल 2021 में सीधी भर्ती के जरिए पुलिस सेवा ज्वाइन की थी।

यह भी पढ़ें- कैमरे का कर्ज चुकाने के लिए छात्र बना लुटेरा: 50 हजार के लिए लूटा बैंक, दूसरी बार डकैती करते गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, कारोबारी रंजिश की आशंका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।