विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी: राउरकेला इस्पात कर्मियों को मिलेगा ₹32 हजार बोनस, ट्रेनीज को ₹25600

Published: Thu, 01 Oct 2026 10:58 PM (IST)

सेल प्रबंधन और एनजेसीएस कोर ग्रुप के समझौते से राउरकेला इस्पात संयंत्र के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को ₹32,000 और प्रशिक्षुओं को ₹25,600 का वार्षिक बोनस मिलेगा।

कंपनी का कर-पूर्व मुनाफा (PBT) पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹3,009 करोड़ से बढ़कर ₹4,334 करोड़ पहुंच गया है।

कंपनी का कर-पूर्व मुनाफा (PBT) पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹3,009 करोड़ से बढ़कर ₹4,334 करोड़ पहुंच गया है।

HighLights

  1. गैर-कार्यकारी प्रशिक्षुओं को ₹25,600 का भुगतान किया जाएगा।

  2. मुनाफे में वृद्धि के बावजूद उत्पादन लक्ष्यों पर चिंता।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (SAIL) के राउरकेला इस्पात संयंत्र सहित देशभर की सभी इकाइयों में कार्यरत गैर कार्यकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। 
 
नई दिल्ली में 1 अक्टूबर को सेल प्रबंधन और एनजेसीएस (NJCS) कोर ग्रुप के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में वार्षिक बोनस पर अंतिम मुहर लग गई है।
 
इस ऐतिहासिक समझौते के तहत राउरकेला इस्पात संयंत्र के हजारों नियमित गैर कार्यकारी कर्मचारियों को ₹32,000 का वार्षिक बोनस दिया जाएगा। 
 
वहीं, गैर-कार्यकारी प्रशिक्षुओं (ट्रेनीज) को ₹25,600 का भुगतान किया जाएगा। त्योहारी सीजन की शुरुआत में हुए इस फैसले से कर्मचारियों में भारी उत्साह है।
 

मुनाफे में बढ़ोतरी, लेकिन उत्पादन पर चिंता 

बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन और वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रबंधन ने जानकारी दी कि कंपनी का कर-पूर्व मुनाफा (PBT) पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹3,009 करोड़ से बढ़कर ₹4,334 करोड़ पहुंच गया है।
 
हालांकि, मुनाफे में वृद्धि के बावजूद संयंत्रों के उत्पादन लक्ष्यों में आई गिरावट पर चिंता जताई गई: 
  • विक्रय योग्य इस्पात (Saleable Steel): लक्ष्य का केवल 94 प्रतिशत उत्पादन हुआ।
  • कच्चा इस्पात (Crude Steel): लक्ष्य का मात्र 92 प्रतिशत ही हासिल हो सका।
 
इसके अलावा, कोयले की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव, विदेशों से बढ़ता इस्पात आयात और वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता जैसी चुनौतियों से भी यूनियनों को अवगत कराया गया।
 
इस बोनस समझौते पर यूनियनों और प्रबंधन ने सहमति जताते हुए हस्ताक्षर किए। मजदूर प्रतिनिधियों ने प्रबंधन को आश्वस्त किया कि सभी गैर-कार्यकारी कर्मचारी आगामी वित्तीय वर्ष में उत्पादन और तकनीकी-आर्थिक मानकों के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे।

यह भी पढ़ें- SAIL निदेशक मंडल में सदस्यों का गंभीर संकट, प्रबंधन की बढ़ी मुश्किलें

यह भी पढ़ें- रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक के पूर्व प्रबंधन की बढ़ी मुश्किलें, सुप्रीम कोर्ट ने संदिग्ध लेन-देन पर उठाए सवाल