SAIL निदेशक मंडल में सदस्यों का गंभीर संकट, प्रबंधन की बढ़ी मुश्किलें
Steel Authority Of India Limited बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में सदस्यों का संकट गहरा गया है, जिससे कंपनी प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है।

स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड निदेशक बोर्ड में पूरे सदस्य नहीं। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेल बोर्ड में सदस्यों की कमी से गहराया संकट।
आधुनिकीकरण और निवेश फैसलों में आ रही है बाधा।
सेबी के कॉर्पोरेट गवर्नेंस नियमों के उल्लंघन का खतरा।
जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL Board Director: स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड बोर्ड आफ डायरेक्टर में सदस्यों का संकट पूरी तरह से गहरा गया है। इससे कंपनी प्रबंधन की चिंता काफी बढ़ गई है।
आलम यह है की बोर्ड का कोरम एवं आवश्यक समितियां पूरी नही होने की वजह से सेल मुख्यालय को अपने आधुनिकीकरण कार्य, बड़े निवेश तथा रणनीतिक व नीतिगत फैसलों को मंजूरी लेने में अब कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सेल बोर्ड में स्वतंत्र निदेशकों की कमी के कारण कंपनी प्रबंधन पर सेबी के कॉरपोरेट गवर्नेंस नियमों के अनुपालन का दबाव भी बढ़ गया है। इससे सेल मुख्यालय पर सेबी के नियमों का उल्लंघन के तहत भारी जुर्माना लगने की आशंका प्रबल होती जा रही है।
सेल बोर्ड में सदस्यों के कुल 18 पद सृजित है, इनमें कार्यवाहक निदेशक के 9, स्वतंत्र निदेशक के 7 तथा भारत सरकार की ओर से नामित दो पद शामिल है। वर्तमान समय में निदेशक मंडल में 18 में मात्र 10 सदस्य ही अपनी सेवा दे रहे है।
इसमें भी भारत सरकार की ओर से नामित सदस्य सह भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी अभिजित नरेंद्र 30 सितंबर 2026 को अपने पद से सेवानिवृत हो जाएंगे।
इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 से सेल निदेशक मंडल में सदस्यों की संख्या घटकर 10 से 9 हो जाएगी। इससे कंपनी प्रबंधन के सामने कई चुनौतियां और कारपोरेट गवर्नेंस से जुड़े जोखिम खड़े हो जाएंगे।
नई नियुक्तियां के लिए इस्पात मंत्रालय पर टिकी नजर
सार्वजनिक लोक उपक्रम की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड पर सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत लगे जुर्माना को देखते हुए अब सेल मुख्यालय सकते में है। सेल बोर्ड में सदस्यों के संकट से उबरने के लिए कंपनी प्रबंधन की निगाह अब इस्पात मंत्रालय पर टिकी हुई है।
इसके लिए बाकायदा सेल प्रबंधन इस्पात मंत्रालय व लोक उद्यम चयन समिति से अपने निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक तथा भारत सरकार की ओर से नामित सदस्यों के रिक्त पदों को तुरंत भरने तथा नियुक्तियां में तेजी लाने का आग्रह की है।
वर्तमान समय में सेल निदेशक मंडल के कार्यवाहक निदेशक के कुल 9 पद में 8 सदस्य, स्वतंत्र निदेशक के 7 में से 1 सदस्य तथा भारत सरकार की ओर से नामित 2 में से 1 सदस्य अपनी सेवा दे रहे है।
इनमें अध्यक्ष पद पर कंपनी के सीएमडी डा. एके पंडा, निदेशक कार्मिक केके सिंह, निदेशक माइनिंग मनीष राज गुप्ता, निदेशक वाणिज्यिक टीएस नटराजन, बोकारो, भिलाई, राउरकेला व दुर्गापुर इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी बतौर कार्यवाहक निदेशक के पद पर सेवा दे रहे है।
जबकि स्वतंत्र निदेशक के पद पर प्रणव राय तथा भारत सरकार की ओर से नामित सदस्य के तौर पर एक मात्र अधिकारी अभिजित नरेंद्र कार्यरत है।
यह भी पढ़ें- सेलकर्मियों के बोनस बैठक से निर्वाचित यूनियन नेता बाहर, कामगारों में निराशा
यह भी पढ़ें- सेल-बीसीसीएल समझौते से घरेलू कोकिंग कोयला उत्पादन में होगी वृद्धि, दो ब्लॉकों का होगा संयुक्त विकास
