विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL के ठेका श्रमिकों को दुर्गापूजा से पहले मिलेगा 8.33% बोनस, स्थायी कर्मियों के लिए 1 अक्टूबर को फैसला

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:22 PM (IST)

SAIL के ठेका श्रमिकों को उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33% बोनस दुर्गापूजा से पहले मिलेगा, जिससे लगभग 80 हजार कर्मी लाभान्वित होंगे।

SAIL के ठेका मजदूरों के बोनस पर हो गया फैसला। (प्रतीकात्मक फोटो)

SAIL के ठेका मजदूरों के बोनस पर हो गया फैसला। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. ठेका श्रमिकों को वार्षिक मूल वेतन का 8.33% बोनस मिलेगा।

  2. बोनस का भुगतान दुर्गापूजा से पहले बैंक खातों में होगा।

  3. स्थायी कर्मियों के बोनस पर अंतिम फैसला 1 अक्टूबर को।

जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में काम करने वाले ठेका श्रमिकों को बोनस मद में उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33 प्रतिशत दिया जाएगा। बोनस की राशि दुर्गापूजा से पहले उनके बैंक खाते में अदा कर दी जाएगी।

इस बाबत सेल बोर्ड की बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। योजना से बोकारो इस्पात संयंत्र सहित कंपनी की अन्य इकाइयों में कार्यरत लगभग 80 हजार ठेका श्रमिक लाभान्वित होंगे। बोनस के हकदार सिर्फ ऐसे ठेका मजदूर होंगे, जिनका मासिक वेतनमान 21 हजार रुपये से कम है।

सेल के दुर्गापुर तथा इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों को बोनस की राशि सबसे पहले दी जाएगी। इसके बाद बोकारो, भिलाई, राउरकेला आदि इकाइयों में 8 से 10 अक्टूबर के बीच उन्हें बोनस का भुगतान किया जाएगा।

सेल के सभी ठेका मजदूरों के बीच पारदर्शी रूप से बोनस का भुगतान हो, इसके लिए ठेका मजदूर प्रकोष्ठ तथा कार्मिक विभाग को ताकीद किया जाएगा कि वे ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली पर अपनी पैनी नजर बनाए रखें।

जो ठेका कंपनी अपने ठेका मजदूरों को बोनस भुगतान में वित्तीय अनियमितता बरतेगी, उस ठेका कंपनी पर सख्त विभागीय कार्रवाई करने का प्रावधान किया गया है।

स्थायी कर्मियों के बोनस फार्मूले के आधार पर राशि की हुई गणना

महारत्न कंपनी सेल में काम करने वाले स्थायी कर्मचारी तथा प्रशिक्षु कर्मियों को इस साल बोनस मद में दी जाने वाली राशि की गणना 25 सितंबर को नई दिल्ली में आहूत सेल बोर्ड की बैठक में की गई।

इसका आधार सेल प्रबंधन तथा एनजेसीएस नेताओं के साथ वर्ष 2023 में हुआ करार और नया बोनस फार्मूला था, जिसकी मियाद इसी साल समाप्त हो जाएगी। इस दौरान बीएसएल सहित पूरे सेल में कर्मचारियों की संख्या तथा उन पर खर्च होने वाली बोनस राशि का प्रारूप तैयार कर लिया गया है।

इसे आगामी 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाली बोनस की बैठक में कंपनी प्रबंधन यूनियन नेताओं के समक्ष प्रस्तुत करेगा। वर्तमान बोनस फार्मूले के तहत कामगारों को इस साल बोनस मद में 30 हजार रुपये मिलने की संभावना है।

हालांकि, यूनियन नेताओं के सामूहिक दबाव के आधार पर इस राशि में बढ़ोतरी की जा सकती है। इसका अंतिम फैसला एक अक्टूबर की देर रात तक हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- सेल-बीसीसीएल समझौते से घरेलू कोकिंग कोयला उत्पादन में होगी वृद्धि, दो ब्लॉकों का होगा संयुक्त विकास

यह भी पढ़ें- SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र में चिकित्सा अवकाश के नियमों में बदलाव सात दिन से ज्यादा के लिए भर्ती अनिवार्य