विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Puri Stampede: पुरी में हुई भगदड़ को लेकर सीएम माझी ने मांगी माफी, घटना को लेकर बुलाई उच्चस्तरीय बैठक

By Rajesh KumarEdited By: Rajesh Kumar
Published: Sun, 29 Jun 2025 12:59 PM (IST)Updated: Sun, 29 Jun 2025 01:38 PM (IST)

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जगन्नाथ धाम पुरी में गुंडिचा मंदिर के सामने हुई भगदड़ पर दुख व्यक्त किया और ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जगन्नाथ धाम पुरी में हुई भगदड़ की घटना पर दुख व्यक्त किया है। फाइल फोटो
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जगन्नाथ धाम पुरी में हुई भगदड़ की घटना पर दुख व्यक्त किया है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जगन्नाथ धाम पुरी में गुंडिचा मंदिर के सामने हुई भगदड़ की घटना पर दुख व्यक्त किया है और माफी मांगी है और साथ ही कहा है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि मेरी सरकार और मैं व्यक्तिगत रूप से इस घटना के लिए सभी जगन्नाथ भक्तों से माफी मांगता हूं। मैं उन भक्तों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने शारदाबली के सामने भगवान के दर्शन करते समय अपनी जान गंवा दी। मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने लिखा है कि यह लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है।

मुख्यमंत्री ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक

पुरी भगदड़ की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक। यह बैठक मुख्यमंत्री के आवास पर हो रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं।

बैठक में दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। साथ ही इस बात पर भी चर्चा की जाएगी कि आगामी दिनों में होने वाले महाप्रभु के बहुदा यात्रा, सोनावेश जैसे अनुष्ठानों को किस तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जताया दुख

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पुरी भगदड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रभु शोक संतप्त परिवारों को इस दुखद घड़ी का सामना करने के लिए असीम धैर्य प्रदान करें।

राज्य सरकार ने पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल में घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

घटना की होगी विस्तृत जांच

श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। इस पर विस्तृत जांच की जाएगी।

कानून मंत्री ने कहा, मैं घटनास्थल पर जा रहा हूं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कानून मंत्री ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच जारी है।