Jagannath Rath Yatra 2025: महाप्रभु की वापसी यात्रा के लिए तैयार हुआ जगन्नाथ धाम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुरी जगन्नाथ धाम में महाप्रभु की वापसी यात्रा के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी है। भाई-बहन संग जगन्नाथ जी जन्म वेदी से रत्न वेदी की यात्रा करेंगे। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं जिसमें छह IPS अधिकारी तैनात हैं। दोपहर 12 बजे वापसी यात्रा का निर्धारित समय है और रथ खींचने का समय शाम 4 बजे है। भक्तों की सुविधा के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। महाप्रभु की वापसी यात्रा के लिए पुरी जगन्नाथ धाम पूरी तरह से तैयार हो गया है। सुबह से ही भक्त पुरी धाम पहुंचने लगे हैं। बड़दांड में भक्त संकीर्तन एवं नृत्य कर एक बार फिर रथारूढ़ महाप्रभु का दर्शन करने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
ऐसे में रथयात्रा के दिन हुई अव्यवस्था से सीख लेते हुए वापसी यात्रा में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। महाप्रभु के रथ खींचने के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो इसके लिए तीन रथों के सुरक्षा के दायित्व छह IPS अधिकारी को तैनात किया गया है।
गुंडिचा मंदिर मौसी मां के घर पर महाप्रभु जगन्नाथ जी की लीला समाप्त हो गई है। भाई बहन के साथ महाप्रभु जगन्नाथ जी आज जन्म वेदी से रत्न वेदी की यात्रा के लिए सुबह से ही रीति नीति शुरू की गई है।
शरधाबाली में तीन रथ चतुर्धा विग्रहों का इंतजार कर रहे हैं। पुरी जगन्नाथ धाम में महाप्रभु के दर्शन के लिए भक्तों का आना जारी है। इसे देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।
वापसी यात्रा के लिए निर्धारित समय दोपहर 12 बजे है, जबकि रथ खींचने का समय शाम 4 बजे है। ऐसे में आज सुबह से ही भक्त पुरी पहुंचने लगे हैं। एक बार बड़दांड जय जगन्नाथ की गूंज से गुंजयमान हो गया है।
रथयात्रा की ही तरह वापसी यात्रा में भी मौसम पूरी तरह से अनुकुल है। ऐसा लग रहा है इंद्र देव महाप्रभु का स्वागत करने के लिए तत्पर हैं। इससे भक्तों को गर्मी का भी सामना नहीं करना पड़ेगा।
वापसी यात्रा के लिए लगाया गया है ट्राफिक प्रतिबंध
जानकारी के मुताबिक मालतीपाटपुर से सीधे पास वाले वाहनों को जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को वीरहरेकृष्णपुर से बाईपास पर डायवर्ट किया जाएगा।
बिना पास वाले सभी वाहनों को मालतीपटपुर से आरओबी होते हुए ग्रिड स्टेशन चौक से तालबनिया में पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। 21 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस कर्मी वहां मौजूद हैं और व्यवस्थित तरीके से वाहनों को पार्क करा रहे हैं। महाप्रभु की वापसी यात्रा के लिए कुल 205 प्लाटून पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
इसमें 50 प्लाटून ट्रैफिक ड्यूटी पर पुलिस तैनात है। रथों की सुरक्षा के लिए छह आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन की पूरी तैयारी है।
इससे पहले शुक्रवार को लगभग 3 लाख भक्तों ने आड़प मंडप में भगवान के दर्शन किए। दिनभर बादल छाए रहे। थोड़ी देर के लिए बारिश हुई। इसलिए ठंड के मौसम में श्रद्धालु बड़े हर्षोल्लास के साथ शरधाबाली पहुंचे।
इस दौरान श्रद्धालु बैरिकेड्स पर लंबी कतारों में इंतजार कर महाप्रभु के दर्शन किए। सेवादार का परिवार नरसिंह मंदिर के पास उत्तरी द्वार से दर्शन के लिए गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।