Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    President Election 2022: राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री ने कहा- मेरी मां ने अब तक बहुत ही मेहनत और ईमानदारी से काम किया

    President Election 2022 इतिश्री ने कहा कि जब मां के गांव में रास्ता नहीं था उस समय वह अपनी जिद पर भुवनेश्वर आयी और पढ़ाई की। उस समय बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे थे।मेरी मां को देखकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

    By Priti JhaEdited By: Updated: Thu, 23 Jun 2022 02:18 PM (IST)
    Hero Image
    President Election 2022: एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री मुर्मू

    भुवनेश्वर, शेषनाथ राय। एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने के बाद द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री मुर्मू ने कहा कि मेरी मां को उसके कठिन परिश्रम का फल मिलने जा रहा है। इसके लिए हम सब बहुत खुश हैं। मेरी मां एक खुली किताब की तरह हैं। वह बहुत जल्दी सभी के साथ घुलमिल जाती हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इतिश्री ने कहा है कि मेरी मां बहुत ही परिश्रमी है, मेहनती है। इससे पहले भी मां को जितने भी पद मिले हैं, उस पद पर उन्होंने पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ कार्य किया है। मेरी मां पहले वार्ड मेम्बर बनी थी। बाद में वह उपाध्यक्ष, विधायक एवं मंत्री बनी। वह राज्यपाल भी बनी। मां जब विधायक थी तब उन्हें अच्छे कार्य के लिए नीलकंठ पुरस्कार मिला था। मंत्री रहते समय भी उन्होंने कई अच्छे कार्य किए। मेरी मां को जो भी दायित्व दिया गया है, उन्होंने उसे सच्चाई एवं ईमानदारी से पूरा किया है। यदि उन्हें राष्ट्रपति बनाया जाता है, तो वह इस पद पर भी सच्चाई के साथ काम करेंगी। राष्ट्रपति पद की गरिमा रखेंगी।

    जानकारी के अनुसार इतिश्री ने कहा कि जब मां के गांव में रास्ता नहीं था, घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, उस समय वह अपनी जिद पर भुवनेश्वर आयी और पढ़ाई की। उस समय बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे थे। मेरी मां को देखकर गांव में पढ़ाई करने वाले बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। गांव से आकर उन्होंने अपने जीवन में कुछ करने का प्रयास किया।

    इतिश्री मुर्मू ने कहा है कि मेरी मां के मन में थोड़ा भी गर्व या अहंकार नहीं है। यदि मां के मन में गर्व होता तो मां को जब राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की खबर मिली तो इतनी संख्या में आकर लोग मुलाकात नहीं करते। राष्ट्रपति उम्मीदवार होने की खबर मिलते ही काफी संख्या में लोगों ने दूर- दूर से आकर अपनी शुभकामनाएं दी। मेरी मां एक खुली किताब है। वह सभी के साथ घुलमिल जाती है। मेरी मां की जीवनशैली काफी सरल है। वह आडंबर जीवन बिल्कुल पसंद नहीं करती हैं। मां ने दिल्ली जाते समय कहा है कि बच्चों का ख्याल रखना, घर का ख्याल रखना एवं अच्छे से रहना।  

    राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के ड्राइवर ने कहा है कि मैडम के साथ मैं 15 साल से जुड़ा हूं। ओडिशा और खास कर हमारे रायरंगपुर के लिए यह गौरव की बात है कि मैडम को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया गया है। आदिवासी महिला का राष्ट्रपति उम्मीदवार बनना हमारे देश के लिए खुशी की बात है। मैंने मैडम को रायरंगपुर से भुवनेश्वर एमसीएल गेस्ट हाउस तक लाया। एमसीएल गेस्ट हाउस से मैं मैडम को एयरपोर्ट तक ले गया। रास्ते में लोगों की भीड़ देखने के बाद मैडम ने कहा देखो कितने लोग हमें स्नेह एवं सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, मैं राष्ट्रपति बन जाऊंगी, तब भी तुम्हारे सुख- दुख की जानकारी लेती रहूंगी।

    गौरतलब है कि एनडीए राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज सुबह भुवनेश्वर से दिल्ली रवाना हो गई हैं। वह शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। भुवनेश्वर एमसीएल गेस्ट हाउस से वह एयरपोर्ट पहुंची, उनके साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू भी थी। इसके साथ ही भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर काफी संख्या में भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।