Cyclone Alert: ओडिशा में चक्रवात को लेकर IMD ने कर दिया सब कुछ क्लियर, पढ़ें लेटेस्ट वेदर अपडेट
ओडिशा में चक्रवात आने की अफवाहों पर आइएमडी ने स्पष्टीकरण जारी किया है। आइएमडी ने कहा है कि ओडिशा में चक्रवात का कोई खतरा नहीं है। 27 मई तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जिसके कारण राज्य में बारिश हो सकती है। अगले सात दिनों तक काल बैसाखी का असर बना रहेगा हालांकि चक्रवात का कोई खतरा नहीं है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में चक्रवात का कोई खतरा नहीं है। आइएमडी ने संभावित चक्रवात के बारे में कोई अनुमान नहीं लगाया है। कुछ मीडिया संगठन ओडिशा में चक्रवात आने की फर्जी खबरें फैला रहे हैं। इस संदर्भ में आइएमडी ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यह खबर निराधार है और केवल अफवाह है।
27-31 मई तक बारिश के आसार
इस बीच, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी में 27 मई तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह निम्न दबाव अगले दो दिनों में और तेज होगा। इसके प्रभाव के कारण 27 मई से 31 मई तक प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
अगले 7 दिन तक दिखेगा काल बैशाखी का असर
यहां भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके बाद अगले सात दिनों तक पूरे प्रदेश में काल बैसाखी का असर बना रहेगा। गरज के साथ बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
गौरतलब है कि कम दबाव के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा हो रही है। कुछ जगहों पर तेज हवा एवं बिजली की गड़गड़ाहट के साथ वर्षा जारी है। खासकर राजधानी भुवनेश्वर में रविवार की सुबह से लेकर शाम तक आसमान बादलों से ढका रहा और रुक-रुक कर रिमझिम वर्षा हुई है।
चक्रवात का कोई खतरा नहीं
मौसम की इस स्थिति को देखने के बाद लोगों में भी चक्रवात को लेकर आशंका जारी रहने से मौसम विभाग ने रविवार को स्पष्ट किया है कि प्रदेश में चक्रवात कोई खतरा फिलहाल नहीं है। हालांकि, तेज हवा के साथ राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षा होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।