Odisha Weather: मार्च में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी! 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, IMD ने जारी किया यलो अलर्ट
ओडिशा में भीषण गर्मी का सितम जारी है। मार्च के महीने में ही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बौद्ध में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। आने वाले 2-3 दिनों में तापमान में और ज्यादा इजाफा होने के आसार हैं।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। Odisha Weather: राज्य भर में गर्मी का प्रकोप जारी है। चाहे वह उपनगरीय इलाका हो या तटीय, पश्चिम से दक्षिण तक, गर्मी से कहीं भी राहत नहीं है। गुरुवार को बौद्ध शहर ने गर्मी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इस वर्ष का सबसे गर्म शहर बन गया है। दोपहर बाद यहां का तापमान 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, 12 शहरों में पारा 38 डिग्री के पार पहुंच गया है।
तटीय ओडिशा में 38 डिग्री तक पहुंचा पारा
इस वर्ष पहली बार तटीय ओडिशा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जुड़वा शहर कटक और भुवनेश्वर में क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने भविष्यवाणी की है कि अगले चार दिनों में दिन के तापमान में और वृद्धि होगी। तापमान अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा।
2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान
अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के अलग-अलग शहरों में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति भी होगी। इसे देखते हुए आइएमडी ने 16 मार्च तक लू के साथ यलो और ऑरेंज चेतावनी जारी की है।
यलो अलर्ट जारी
झारसुगुड़ा, संबलपुर, बोलांगीर, बौद्ध, सुंदरगढ़ और अनुगुगुल जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि 14 मार्च को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहने की संभावना है।
झारसुगुड़ा, संबलपुर, बोलंगीर और बौद्ध में 14 तारीख यानी डोल पूर्णिमा को लू चलने और तेज लू चलने की संभावना है। कई जगहों पर आरेंज चेतावनी जारी की गई है, क्योंकि तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने जिला प्रशासन को लू से निपटने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया है। अनुगुल, सुबर्णपुर, बरगढ़, सुंदरगढ़ और मयूरभंज जिलों में दिन में लू चलने की संभावना है, जबकि सुंदरगढ़, बोलांगीर, बौद्ध और बरगढ़ में रात के समय उमस होंगी। इसलिए यलो वार्निंग जारी की गई है।
15 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
इसी तरह झारसुगुड़ा और संबलपुर जिले के कुछ इलाकों में 15 तारीख यानी होली के दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उसी दिन लू चलने के कारण बरगढ़, सुंदरगढ़ और मयूरभंज जिलों में तथा सुंदरगढ़, बलांगीर, बरगढ़, बौद्ध, सुबर्णपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 तारीख की तरह 16 तारीख को कुछ जिलों में पारा 41 डिग्री से ऊपर रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है, क्योंकि ओडिशा के आधे जिले इससे प्रभावित होंगे। एसआरसी ने कहा है कि गर्मी की लहर आम जनता के लिए सहनीय है, लेकिन यह बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और बीमारों के लिए हानिकारक है।
गर्मी में रखें ये सावधानियां
- लंबे समय तक बाहर न जाएं और हल्के कपड़े पहनें।
- पीक ऑवर्स के दौरान यानी सुबह 11 बजे से दोपहर 3.30 बजे के बीच सिर को गीले कपड़े, टोपी या छाता से ढ़ककर रखें।
- घर की बनी लस्सी, तोरानी, गन्ने का रस, नींबू पानी आदि पीना चाहिए।
जिला कलेक्टरों को पशुधन को ठंडे स्थानों पर रखने, पीने के पानी की सुविधा प्रदान करने और स्थिति की निगरानी करने की सलाह दी गई है।
राज्य का सबसे अधिक तापमान बौद्ध में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बोलांगीर में 39.9, टिटिलागढ़ में 39.5, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ में 39.4, संबलपुर में 39.3, बारीपदा में 39.9, सोनपुर में 38.9, भद्रक में 38.8, हीराकुद में 38.7, राउरकेला और भवानीपटना में 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।