विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात अकवान का खतरा: ओडिशा में युद्धस्तर पर तैयारियां, 1.05 लाख से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:03 PM (IST)

ओडिशा सरकार चक्रवात अकवान से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रही है, जिसके तहत अब तक 1.05 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने की समीक्षा। (जागरण)

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने की समीक्षा। (जागरण)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के लिए ओडिशा सरकार की युद्धस्तर पर तैयारी।

  2. अब तक 1.05 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

  3. राहत एवं बचाव के लिए व्यापक इंतजाम, शून्य जनहानि लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

संभावित प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान जारी है। अब तक 1,05,304 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

इनमें गंजाम जिले के 45,364 और गजपति के 18 हजार लोग शामिल हैं। राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी।

मुख्य सचिव ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आकलन के अनुसार, चक्रवात अकवान का संभावित मार्ग पुरी और गोपालपुर के बीच रहने की आशंका है।

इसे देखते हुए सरकार ने तटीय और आंतरिक जिलों में राहत एवं बचाव की व्यापक व्यवस्था की है। संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को निकालने का काम बुधवार शाम से ही शुरू कर दिया गया था, जो गुरुवार सुबह भी जारी रहा।

6109 संवेदनशील स्थानों की पहचान

अनु गर्ग ने बताया कि राज्य में 6109 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

संभावित प्रभावित जिलों में 9299 चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है। अब तक विस्थापित किए गए लोगों को 1224 चक्रवात एवं बाढ़ आश्रय स्थलों में रखा गया है।

आश्रय स्थलों में पका हुआ भोजन, सूखा खाद्य पदार्थ, पेयजल, आवश्यक दवाएं और सैनिटरी नैपकिन की व्यवस्था की जा रही है। बच्चों के लिए भी विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में लगाया गया है।

एहतियात के तौर पर 30 नवंबर तक प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया है।

भूस्खलन संभावित इलाकों से भी निकाले जा रहे लोग

गंजाम और गजपति के अलावा कंधमाल जिले में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गजपति और कंधमाल के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा पहाड़ी ढलानों के नीचे बसे गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन को विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

आपदा प्रबंधन की 295 टीमें तैनात

चक्रवात से निपटने के लिए राज्य में 60 ओड्राफ, 14 एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की 221 टीमें तैनात की गई हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमें भी लगाई जाएंगी। चक्रवात के दौरान पेड़ों के गिरने और सड़कों के अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए ओडिशा वन विकास निगम की 100 टीमें भी तैयार रखी गई हैं।

नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए दूरसंचार विभाग अतिरिक्त सैटेलाइट फोन और सेल ऑन व्हील्स की व्यवस्था कर रहा है।

समुद्र तटों पर पर्यटकों की आवाजाही बंद

चक्रवात के खतरे को देखते हुए पुरी, गोपालपुर, सतपड़ा और चिलिका सहित सभी प्रमुख समुद्र तटों पर पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। समुद्र में गए मछुआरे वापस लौट आए हैं। कंधमाल जिले के कालिंगा घाटी और गजलवाड़ी मार्ग को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है।

भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क रखा जा रहा है। आपात स्थिति में हेलीकाप्टर और क्रेन की मदद लेने की भी व्यवस्था की गई है।

ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे के साथ समन्वय किया जा रहा है। कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ को रद करने का निर्णय लिया गया है।

लगातार बारिश से बाढ़ की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। विभाग की ओर से नदी तटबंधों और जलाशयों की चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। रात में भी गश्त की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ अभियंताओं को विभिन्न नदी तटबंधों और जलाशयों के पास तैनात किया गया है। जल निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है।

प्रभावित जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तैनात

गंजाम, गजपति, पुरी, कंधमाल, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा, बालेश्वर और मयूरभंज सहित संभावित प्रभावित जिलों में विशेष तैयारी की गई है।

मौसम विभाग की ओर से रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया गया है। संबंधित जिलों में सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। सभी जिलों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष काम कर रहे हैं।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा कि विशेष राहत आयुक्त कार्यालय से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों और स्थानीय समुदायों के सहयोग से राहत एवं बचाव की तैयारियों को गति दी गई है।

सरकार का लक्ष्य चक्रवात के दौरान शून्य जनहानि सुनिश्चित करना है और इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ओडिशा की धरती उगलेगी खजाना! तीन जिलों में मिला 3338 किलो सोना, चांदी और बेशकीमती माणिक्य का भी भंडा

यह भी पढ़ें- ओडिशा के गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात 'अकवान' का केंद्र, टकराने पर 120 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।