ओडिशा की धरती उगलेगी खजाना! तीन जिलों में मिला 3338 किलो सोना, चांदी और बेशकीमती माणिक्य का भी भंडा
ओडिशा में 3,338.79 किलोग्राम सोने, 2.387 मीट्रिक टन चांदी और 5,349 किलोग्राम माणिक्य का विशाल भंडार मिला है। खनन मंत्री ...और पढ़ें

ओडिशा की धरती उगलेगी खजाना (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
ओडिशा के तीन जिलों में 3,338 किलोग्राम सोना मिला है।
देवगढ़ और सुंदरगढ़ में 2.387 मीट्रिक टन चांदी के भंडार।
कालाहांडी में 5,349 किलोग्राम माणिक्य पत्थर का भंडार मिला।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की धरती के नीचे बेशकीमती खनिज संपदा का विशाल भंडार छिपा हुआ है। राज्य के तीन जिलों में 3,338.79 किलोग्राम सोने का भंडार मिला है। वहीं, देवगढ़ और सुंदरगढ़ जिले में चांदी की मौजूदगी का पता चला है।
इतना ही नहीं, कालाहांडी जिले में 5,349 किलोग्राम माणिक्य (रूबी) पत्थर का भंडार होने की जानकारी सामने आई है। विधानसभा में विधायक सौभिक विश्वासाल के लिखित प्रश्न के उत्तर में खनन मंत्री विभूति भूषण जेना ने यह जानकारी दी।
गोपुर-जालडीहा क्षेत्र में 191.06 किलोग्राम सोने का भंडार
मंत्री की ओर से सदन में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, केन्दुझर, मयूरभंज और देवगढ़ जिले सोने के भंडार के मामले में महत्वपूर्ण हैं। केन्दुझर जिले के गोपुर-जालडीहा क्षेत्र में 191.06 किलोग्राम सोने का भंडार मिला है।
इसी तरह मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया क्षेत्र में 1,462.73 किलोग्राम सोना मौजूद है। सबसे अधिक 1,685 किलोग्राम सोने का भंडार देवगढ़ जिले के अडश क्षेत्र में होने की जानकारी दी गई है। इस प्रकार तीनों जिलों में कुल 3,338.79 किलोग्राम सोने का भंडार है।
दो जिलों में 2.387 मीट्रिक टन चांदी
सोने के अलावा राज्य के दो जिलों में चांदी के भंडार का भी पता चला है। देवगढ़ जिले के अडश क्षेत्र में 0.638 मीट्रिक टन और सुंदरगढ़ जिले के सरगीपाली में 1.749 मीट्रिक टन चांदी मौजूद है। दोनों जिलों को मिलाकर चांदी का कुल भंडार 2.387 मीट्रिक टन बताया गया है।
कालाहांडी में मिला माणिक्य का भंडार
राज्य की खनिज संपदा में बहुमूल्य रत्न माणिक्य भी शामिल है। कालाहांडी जिले के जिलिंगधर-हिंजिलिबहाल क्षेत्र में 5,349 किलोग्राम माणिक्य पत्थर का भंडार होने की जानकारी दी गई है। विधानसभा में मंत्री की ओर से प्रस्तुत इन आंकड़ों ने ओडिशा की खनिज संपदा और भविष्य में इसके संभावित आर्थिक महत्व को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।