जगन्नाथ मंदिर: फर्श पर गिरे खून के छींटे, आनन-फानन में रोके गए दर्शन, फिर शुरू हुआ 'महास्नान'
पुरी जगन्नाथ मंदिर में एक सेवायत के पैर फिसलने से घायल होने और रक्त के छींटे पड़ने के कारण 'बड़ा ...और पढ़ें

जगन्नाथ मंदिर के फर्श पर खून के छींटे गिरने के बाद हुआ 'महास्नान' (PTI File Image)
HighLights
सेवायत के घायल होने से मंदिर में रक्त के छींटे पड़े।
रक्त के कारण श्रीमंदिर में बड़ा महा स्नान किया गया।
दर्शन व्यवस्था कुछ समय के लिए रोककर पुनः शुरू की गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को एक अप्रिय घटना के कारण कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं का दर्शन बंद करना पड़ा। मंदिर के भीतर पैर फिसलने से एक सेवायत घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा और कलाहाट द्वार के पास रक्त के छींटे पड़ गए।
मंदिर की परंपरा के अनुसार, रक्त के छींटे पड़ने के बाद श्रीमंदिर में 'बड़ा महास्नान' की रस्म शुरू की गई। इस कारण आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था रोक दी गई।
घायल सेवायत की पहचान पुरी के बालीसाही स्थित बराही लेन निवासी मदन मोहन बेज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मंगल आरती संपन्न होने के बाद भगवान के अवकाश और आगामी नीतियों की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान कलाहाट द्वार के पास अचानक मदन मोहन का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिर पड़े। इस दौरान उनके सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा।
घटना के बाद मंदिर परिसर में तत्काल आवश्यक व्यवस्था की गई। घायल सेवायत को उपचार के लिए पुरी जिला मुख्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
इधर, मंदिर के भीतर रक्त के छींटे पड़ने के कारण धार्मिक परंपरा के अनुसार 'बड़ा महास्नान' कराया गया। श्रीमंदिर में इस तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर निर्धारित विधि-विधान के तहत शुद्धिकरण की रस्म पूरी की जाती है।
'बड़ा महास्नान' की प्रक्रिया संपन्न होने और संबंधित धार्मिक नीतियों के पूरा होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन फिर से शुरू किए गए।
इस अप्रत्याशित घटना के कारण मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को कुछ समय तक महाप्रभु के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा है।