ओडिशा के गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात 'अकवान' का केंद्र, टकराने पर 120 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान 20 नवंबर को गोपालपुर के करीब ओडिशा तट से टकराने की संभावना है। ...और पढ़ें

गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात अकवान का केंद्र (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
चक्रवात अकवान 20 नवंबर को गोपालपुर के पास टकराएगा।
हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
ओडिशा के 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान ओडिशा तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को गोपालपुर के बेहद करीब ओडिशा तट से टकराने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के गुरुवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उस समय चक्रवात का केंद्र कलिंगपट्टनम से 440 किलोमीटर, गोपालपुर से 530 किलोमीटर और पुरी से 590 किलोमीटर दूर था। चक्रवात की दिशा और गति पर मौसम विभाग लगातार नजर रख रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए तटीय जिलों में प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
11 जिलों में येलो अलर्ट
चक्रवात का असर तटीय और दक्षिणी ओडिशा में दिखने लगा है। राजधानी भुवनेश्वर समेत बालेश्वर, केन्दुझर, मयूरभंज, कटक, पुरी और गंजाम में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इनके अलावा राज्य के कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को चक्रवात के स्थल भाग से टकराने के बाद भी इसका प्रभाव बना रहेगा।
21 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
लैंडफाल प्रक्रिया 19 नवंबर की रात से शुरू
चक्रवात अकवान की लैंडफाल प्रक्रिया 19 नवंबर की रात से शुरू होकर 20 नवंबर की देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान हवा की औसत गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकेदार हवाओं की रफ्तार 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
चक्रवात के प्रभाव से भूस्खलन और पेड़ों के उखड़कर गिरने की आशंका को देखते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिले के घाटी मार्ग को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।