विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

110KM की रफ्तार, 11 जिलों में अलर्ट: ओडिशा में आज रात टकराएगा चक्रवात 'अकवान', 74 रेस्क्यू टीमें तैनात

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:04 AM (IST)

ओडिशा सरकार चक्रवात अकवान से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसके गोपालपुर के पास लैंडफॉल की आशंका है। 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा में आज रात टकराएगा चक्रवात 'अकवान' (PTI)

ओडिशा में आज रात टकराएगा चक्रवात 'अकवान' (PTI)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान 19-20 नवंबर को गोपालपुर के पास टकराएगा।

  2. 11 जिलों में येलो अलर्ट, 47 हजार से अधिक लोग सुरक्षित।

  3. राहत-बचाव के लिए 74 टीमें तैनात, 20.5 करोड़ रुपये जारी।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान से निपटने के लिए ओडिशा सरकार तैयार है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात अकवान गोपालपुर से बेहद करीब स्थल भाग से टकराएगा। लैंडफॉल की प्रक्रिया 19 नवंबर देर रात से शुरू होकर 20 नवंबर देर शाम तक जारी रहेगी।

इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने तथा 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

WhatsApp Image 2026-11-19 at 10.32.10 AM

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) के नियंत्रण कक्ष में उच्चस्तरीय बैठक कर चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। इस बार भी लक्ष्य शून्य जनहानि सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों के निचले इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया।

11 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं। इन जिलों में भारी बारिश की आशंका है। अन्य जिलों में भी बारिश हो सकती है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक येलो अलर्ट वाले जिलों से 47 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इनमें अकेले गंजाम जिले के 25 हजार लोग शामिल हैं।

जगतसिंहपुर जिले में 11 हजार लोगों की पहचान की गई है, जिन्हें बुधवार रात तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, 1,313 गर्भवती महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है।

74 बचाव दल तैनात, 20.5 करोड़ रुपये जारी

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ओड्राफ की 60 और एनडीआरएफ की 14 टीमें यानी कुल 74 टीमें तैनात की गई हैं। अतिरिक्त 20 टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। राज्य में 448 चक्रवात आश्रय स्थल कार्यरत कर दिए गए हैं, जबकि तीन हजार से अधिक अन्य आश्रय स्थलों को तैयार किया जा रहा है।

सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 20.5 करोड़ रुपये अग्रिम जारी किए हैं। इसमें गंजाम को पांच करोड़, 15 अन्य जिलों को एक-एक करोड़ तथा मलकानगिरी को 50 लाख रुपये दिए गए हैं।

सात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी करेंगे निगरानी

चक्रवात प्रभावित सात जिलों में तैयारियों और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी के लिए सात वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसआरसी नियंत्रण कक्ष में अनुभवी अधिकारियों की निगरानी में 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जाएगी। बुधवार को राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. अरविंद पाढ़ी निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

प्रभावित क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश रोधी इंजेक्शन, दवाएं और चिकित्सा किट उपलब्ध करा दी गई हैं। बिजली, सड़क सहित आवश्यक सेवाओं को चक्रवात के बाद तत्काल बहाल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का निर्णय जिलाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लेंगे।

बैठक में मुख्य सचिव अनु गर्ग, विकास आयुक्त डीके सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्र, विशेष राहत आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 20 जिलों के जिलाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' का अलर्ट: वंदे भारत सहित 23 ट्रेनों का समय बदला, 12 राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा असर

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' से निपटने की मेगा तैयारी: ओडिशा के 7 जिलों में हाई अलर्ट, 17 IAS अफसरों ने संभाली कमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।