चक्रवात 'अकवान' से निपटने की मेगा तैयारी: ओडिशा के 7 जिलों में हाई अलर्ट, 17 IAS अफसरों ने संभाली कमान
ओडिशा सरकार संभावित चक्रवात अकवान से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है, जिसके तहत 7 प्रभावित जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया गया है।

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' से निपटने के लिए 17 IAS अफसरों ने संभाली कमान (PTI)
HighLights
चक्रवात अकवान के लिए ओडिशा सरकार की व्यापक तैयारियां।
सात जिलों में सात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तैनात किए गए।
एसईओसी में 10 आईएएस अधिकारी 24 घंटे निगरानी करेंगे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। संभावित चक्रवात अकवान को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका वाले सात जिलों में सरकार ने सात वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया है।
ये अधिकारी संबंधित जिलों में चक्रवात से निपटने की तैयारियों की निगरानी करने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय करेंगे।
सरकार की ओर से जारी जिम्मेदारी के अनुसार, यामिनी सारंगी को जगतसिंहपुर, अरविंद अग्रवाल को पुरी, स्मृति रंजन प्रधान को केंद्रापड़ा और मानसी निंभाल को गजपति जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह भूपेंद्र सिंह पूनिया कंधमाल, के. सुदर्शन चक्रवर्ती बालेश्वर एवं मयूरभंज तथा दक्षिणी संभाग के आरडीसी विजय अमृत कुलांगे गंजाम जिले में तैयारियों की निगरानी करेंगे।
ये अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लेंगे।
एसईओसी में 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की ड्यूटी
चक्रवात की स्थिति पर राज्य स्तर से चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) में 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इनमें देव रंजन कुमार सिंह, डॉ. अरविंद कुमार पाढ़ी, हेमंत शर्मा, विशाल कुमार देव, उषा पाढ़ी, चित्रा अरुमुगम, संजय सिंह, संजीव मिश्रा, सुरेश कुमार वशिष्ठ और भास्कर ज्योति शर्मा शामिल हैं।
ये अधिकारी 24 घंटे की ड्यूटी रोस्टर के तहत चक्रवात से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करेंगे। साथ ही जिलों से लगातार संपर्क बनाए रखेंगे और राज्य स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करेंगे।
सरकार का जोर जिला और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पूरी रखने पर है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा तूफान 'अकवान', गोपालपुर में हाई अलर्ट; 11 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद