विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा तूफान 'अकवान', गोपालपुर में हाई अलर्ट; 11 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:16 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान ओडिशा के दक्षिणी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके गोपालपुर के पास स्थल भाग से टकराने की संभावना है।

गोपालपुर के पास स्थल भाग से टकराएगा चक्रवात अकवान (PTI)

गोपालपुर के पास स्थल भाग से टकराएगा चक्रवात अकवान (PTI)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान गोपालपुर के पास स्थल भाग से टकराएगा।

  2. ओडिशा के 11 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए।

  3. मछुआरों को समुद्र में जाने से परहेज करने की सलाह।

जागरण टीम, भुवनेश्वर/पुरी। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान ओडिशा के दक्षिणी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके गोपालपुर के आसपास स्थल भाग से टकराने की संभावना जताई जा रही है।

गुरुवार सुबह तक चक्रवात गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था। यह लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी दिशा में गोपालपुर की ओर आगे बढ़ रहा है।

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य के तटीय और दक्षिणी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राजधानी भुवनेश्वर समेत पुरी, गंजाम, बालेश्वर और आसपास के जिलों में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया है।

कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है और तेज हवा चल रही है। मौसम में आए बदलाव के साथ ही प्रशासन ने निचले और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी शुरू कर दी है।

समुद्र में ऊंची लहरें, मछुआरों ने खींचीं नावें

चक्रवात के प्रभाव से समुद्र पूरी तरह अशांत हो गया है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तेज हवाओं के कारण तटीय क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर मछुआरों ने समुद्र में जाने से परहेज किया है।

पहले से समुद्र में मौजूद मछुआरों को सुरक्षित लौटने की सलाह दी गई है। तटों पर खड़ी नावों को भी सुरक्षित स्थानों पर लगा दिया गया है। प्रशासन की ओर से समुद्र तटों पर निगरानी रखी जा रही है।

11 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

चक्रवात से विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित प्रभावित 11 जिलों में स्कूल-कॉलेज समेत अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

चक्रवात की दिशा और गति पर मौसम विभाग लगातार नजर रख रहा है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही बारिश और हवा की तीव्रता में बदलाव की संभावना है।

ऐसे में तटीय इलाकों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और समुद्र के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।

WhatsApp Image 2026-11-19 at 9.07.54 AM

चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाए जा रहे लोग

संभावित चक्रवाती तूफान ‘आक्वान’ के मद्देनजर पुरी जिले में प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

इसके तहत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को विभिन्न चक्रवात आश्रय स्थलों में लाकर ठहराया जा रहा है, ताकि तूफान के संभावित प्रभाव से जनजीवन और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather: ठंड के बीच बारिश की एंट्री! चक्रवात 'अकवान' बिगाड़ेगा मौसम का मिजाज; इन जिलों में अलर्ट जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।