विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलो 2025 प्रतियोगिता में ओडिशा का दबदबा, 20 पदकों पर जमाया कब्जा
ओडिशा पुलिस ने अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलो 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है। ओडिशा पुलिस के एथलीटों ने 13 स्वर्ण तीन रजत और चार कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक जीते हैं। कांस्टेबल अशोक दंडसेना ने हाफ मैराथन दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीते जबकि सुष्मिता तिगा ने रजत पदक हासिल किया। पुलिस महानिदेशक ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस के एथलीट अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित प्रतिष्ठित विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलो 2025 प्रतियोगिता में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। दो युवा एथलीट ने इसमें पदत हासिल किया है। अशोक दंडसेना ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं। वहीं, सुष्मिता तिगा ने एक रजत पदक जीता।
ओडिशा पुलिस के खिलाड़ियों ने पिछले छह दिनों में 13 स्वर्ण पदक, तीन रजत पदक और चार कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
कांस्टेबल अशोक दंडसेना ने पुरुषों की 21 किमी हाफ मैराथन दौड़ और 21 किमी हाफ मैराथन दौड़ (टीम स्पर्धा) में दो स्वर्ण पदक जीते। इससे पहले, उन्होंने 800 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर और 10000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक और 400×400 रिले में रजत पदक जीते।
इसी तरह, कांस्टेबल सुष्मिता तिगा ने महिलाओं की 21 किमी हाफ मैराथन दौड़ में रजत पदक जीतकर ओडिशा पुलिस का नाम रोशन किया। इससे पहले, उन्होंने 1500 मीटर दौड़ और 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक, 800 मीटर दौड़ में रजत पदक और 400x400 रिले में कांस्य पदक जीता है।
इन युवा खिलाड़ियों के समर्पण, जुनून, दृढ़ता और कड़ी मेहनत ने देश और राज्य को गौरवान्वित किया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने युवा खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
डीजीपी ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में असाधारण खेल भावना प्रदर्शित की है और ओडिशा पुलिस की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। विश्व पुलिस और फायर गेम्स हर दो साल में आयोजित किए जाते हैं। इसमें दुनिया भर की पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य सार्वजनिक सुरक्षा संगठनों के हजारों खिलाड़ी भाग लेते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।