चक्रवात 'अकवान' का खतरा: ओडिशा में रेड अलर्ट, 2 दिन के लिए स्कूल-कॉलेज और शराब दुकानें बंद
ओडिशा में संभावित चक्रवात अकवान के मद्देनजर 19 और 20 नवंबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है। मालकानगिरि में ...और पढ़ें

ओडिशा में रेड अलर्ट, 2 दिन के लिए स्कूल-कॉलेज और शराब दुकानें बंद (PTI)
HighLights
ओडिशा में चक्रवात अकवान को लेकर रेड अलर्ट जारी।
मालकानगिरि में स्कूल-कॉलेज, शराब दुकानें दो दिन बंद।
समुद्र तटों पर पर्यटन गतिविधियों, जल क्रीड़ाओं पर रोक।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने संभावित चक्रवात अकवान को देखते हुए ओडिशा में 19 एवं 20 नवंबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है। मालकानगिरि जिले में सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले में शराब की दुकानों को भी 2 दिन के लिए बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने पर्यटन तथा वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के सचिवों को पत्र लिखकर समुद्र तटों पर पर्यटन गतिविधियां बंद करने और राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर तक ओडिशा के तटीय इलाकों में समुद्र अशांत रहने, तेज हवा चलने और भारी बारिश की आशंका है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। इसे देखते हुए पर्यटकों, स्थानीय लोगों और परिवहन कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एसआरसी ने संवेदनशील समुद्र तटों पर पर्यटन गतिविधियों के साथ समुद्र स्नान, नौका विहार, वाटर स्पोर्ट्स और प्लेजर क्रूज पर मौसम सामान्य होने तक रोक लगाने का निर्देश दिया है।
असुरक्षित समुद्र तटों, जेटी और तटीय व्यूइंग प्वाइंट पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
तटीय क्षेत्रों के होटल और रिजॉर्ट संचालकों को पर्यटकों को मौसम की स्थिति से अवगत कराने तथा बाहरी भ्रमण कार्यक्रम रद करने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से जारी निकासी और सुरक्षित आश्रय स्थलों से जुड़े निर्देशों का पालन करना भी अनिवार्य होगा। पर्यटकों को आपातकालीन संपर्क नंबर और जरूरी सामान की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
राजमार्गों पर विशेष निगरानी
चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश, तेज हवा और दृश्यता कम होने की आशंका को देखते हुए राजमार्गों पर रात की गश्त बढ़ाई जाएगी। खासकर निचले, बाढ़ संभावित और दुर्घटना संभावित इलाकों के साथ कम रोशनी वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन जगहों पर रिफ्लेक्टिव चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
सड़कों पर पेड़ गिरने, मलबा जमा होने या वाहन फंसने की स्थिति में तत्काल रास्ता साफ करने के लिए क्रेन, रिकवरी वैन और पेड़ काटने वाली टीमों को पहले से तैनात किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस, पथ निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच समन्वय बनाया जाएगा।
टोल प्लाजा, बस टर्मिनल और प्रमुख परिवहन केंद्रों पर वाहन चालकों को मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
भारी बारिश और तेज हवा के दौरान असुरक्षित मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के साथ जरूरत पड़ने पर यातायात का मार्ग बदला जाएगा या आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी।
एसआरसी ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे निगरानी और समन्वय बनाए रखने तथा तत्काल कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मौसम विभाग की चेतावनी वापस लेने और जिला प्रशासन की ओर से स्थिति सुरक्षित घोषित किए जाने तक ये प्रतिबंध लागू रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।