पहले हाथ-पैर बांधा, फिर स्कूल के शौचालय में रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म; पुलिस ने किया गिरफ्तार
ओडिशा के गंजम जिले में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है जो पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने छात्रा को स्कूल के शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एजेंसी, भुवनेश्वर। ओडिशा के गंजम जिले में सातवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ उसके दूर के रिश्तेदार ने कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने मंगलवार को गोलांथरा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव से 22 वर्षीय एक युवक को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 28 जून को हुई जबकि, पुलिस में शिकायत 30 जून को दर्ज की गई। यह घटना 15 जून को गोपालपुर समुद्र तट पर एक कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और 6 जून को गोलांथरा पुलिस थाने की सीमा में दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना के तुरंत बाद हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है और दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपी को पास के गांव से गिरफ्तार किया गया।
लड़की की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार आरोपी व्यक्ति पीड़िता को जबरन एक स्कूल के शौचालय में ले गया। उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने से पहले उसके हाथ-पैर बांध दिए थे, बरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवण विवेक एम ने शिकायत पत्र के हवाले से बताया।
मौके से भागा आरोपी
आरोपी लड़की को वहीं छोड़कर मौके से भाग गया था। हालांकि, उसे एक ग्रामीण ने ढूंढ लिया और बचा लिया। एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह इलाके में दुष्कर्म की दूसरी और एक महीने में जिले में तीसरी घटना है। जिला पुलिस 6 जून के नाबालिग दुष्कर्म मामले की जांच कर रही थी, जबकि ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा गोपालपुर सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।