गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान ओडिशा में कई जगहों पर हिंसा और हादसे, 1 की मौत और 14 लोग हुए घायल
ओडिशा में गणेश विसर्जन के दौरान कई जिलों से हिंसा और दुर्घटनाओं की खबरें आईं। नयागढ़ में दो गुटों के झगड़े में हरिहर स्वाईं की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। भुवनेश्वर में पुराने विवाद के कारण दो गुट भिड़ गए जिससे चार लोग घायल हुए। पुरी के कोणार्क में डीजे गाड़ी पर चढ़ते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवक झुलस गए।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ओडिशा के कई जिलों में हिंसा और हादसों की घटनाएं सामने आईं।
रविवार रात नयागढ़ जिले में दो गुटों के बीच झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान हरिहर स्वाईं के रूप में हुई है, जो झगड़े के दौरान अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे थे।
घटना करडापल्ली गांव में हुई, जहां पथापुर और करडापल्ली क्षेत्र के लोगों में डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को भापुर बाजार में प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन पर आंदोलन वापस ले लिया गया।
इसी दौरान, भुवनेश्वर के पात्रपड़ा इलाके में पुराने विवाद को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हुई। इसमें चार लोग घायल हो गए, जिन्हें एम्स-भुवनेश्वर और कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थिति काबू में आई।
इधर, पुरी जिले के कोणार्क क्षेत्र में डीजे गाड़ी पर चढ़ते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवक झुलस गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को भुवनेश्वर रेफर किया गया है।
उधर, कटक जिले के बांकी क्षेत्र के खुडुरुकुनी में विसर्जन के बाद नदी में नहाते समय एक महिला महानदी नदी की तेज धारा में बह गई। फायर सर्विस की टीम उसकी तलाश कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।