Odisha: कांग्रेस में शामिल होते ही भड़के पूर्व मुख्य सचिव, कहा-नवीन पटनायक से कोई मिल भी नहीं सकता, वे बदल गए
Odisha Politics बिजय पटनायक ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा है कि बिजय पटनायक के लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। आज भी हर कोई मुख्यमंत्री के पास जा पाता है।

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। पूर्व मुख्य सचिव बिजय पटनायक ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ साल में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बदल गए हैं। राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। विधायक और मंत्री भी असहाय हैं। मुख्यमंत्री से कोई नहीं मिल सकता।
बिजय पटनायक ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजद सरकार में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। बीजेडी ने बिजय के इस बयान का खंडन किया है। बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा है कि बिजय पटनायक के लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। आज भी हर कोई मुख्यमंत्री के पास जा पाता है।
देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होना, उनका निजी फैसला है। कांग्रेस की भारत जोड़ यात्रा के बाद कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है। लोग राहुल गांधी को ट्रोल कर रहे थे, लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आ गई। कुछ बदल गया है लेकिन कुल मिलाकर ओडिशा में कुछ भी बदलने वाला नहीं है।
भाजपा ने किया बिजय पटनायक का समर्थन
दूसरी ओर भाजपा महासचिव पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि पटनायक कुछ साल पहले मुख्यमंत्री के काफी करीबी थे। इसलिए उसके शब्दों में सच्चाई हो सकती है। इस बीच, कांग्रेस विधायक संतोष सिंह सलूजा ने कहा है कि बिजय पटनायक ने जो कुछ भी कहा है, वह सही है। उनके कांग्रेस में शामिल होने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
ओडिशा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। एक ओर ओडिशा के पूर्व मुख्य सचिव विजय पटनायक शुक्रवार यानी 10 फरवरी को ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पर जुबानी हमला बोल दिया है। भाजपा भी बिजय पटनायक के बयान में सच्चाई होने की बात कह रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।