10 साल; 13 तूफान और 55 लाख बेजुबानों की मौत, 'फणि' से 'अर्णव' तक ओडिशा ने झेली 15 हजार करोड़ की मार
ओडिशा ने पिछले 10 वर्षों में 13 चक्रवातों का कहर झेला है, जिससे 156 लोगों की जान गई और 8.20 लाख घर क्षतिग्रस्त हुए। इन आपदाओं से राज्य को 15,457 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि 55.63 लाख पशु-पक्षियों की भी मौत हुई।

'फणि' से 'अर्णव' तक ओडिशा ने झेली 15 हजार करोड़ की मार (AI Generated Image)
HighLights
पिछले 10 वर्षों में ओडिशा ने 13 चक्रवातों का सामना किया।
156 लोगों की मौत, 8.20 लाख घर क्षतिग्रस्त हुए।
55.63 लाख पशु-पक्षी मरे, ₹15,457 करोड़ का आर्थिक नुकसान।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। ओडिशा में चक्रवातों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 10 वर्षों में राज्य ने 13 चक्रवातों की मार झेली है। इनसे 156 लोगों की जान गई, जबकि 8.20 लाख घर क्षतिग्रस्त हुए। सबसे भयावह तस्वीर पशु-पक्षियों की मौत के आंकड़ों से सामने आई है।
इस अवधि में 55.63 लाख पशु-पक्षियों की जान गई है। चक्रवातों के कारण राज्य को कुल 15,457 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से राहत और पुनर्वास के लिए 4,635 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। विधानसभा में राजस्व मंत्री की ओर से दी गई जानकारी में यह तथ्य सामने आए हैं।
तितली और फणि ने मचाई सबसे ज्यादा तबाही
पिछले एक दशक में आए चक्रवातों में वर्ष 2018 का तितली और 2019 का फणि सबसे विनाशकारी साबित हुए। तितली के कारण 73 लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान 48,858 पशु-पक्षियों की जान गई और राज्य को करीब 2,204 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
इसके अगले ही वर्ष आए भीषण चक्रवात फणि ने राज्य में भारी तबाही मचाई। इससे 8,423 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी। फणि के दौरान 70 लोगों की मौत हुई, जबकि 53 लाख 33 हजार 186 पशु-पक्षियों की जान गई थी। करीब 6.76 लाख घर भी क्षतिग्रस्त हुए थे।
वहीं, इस वर्ष आए चक्रवात अर्णव से 10 लोगों की मौत हुई और राज्य को 2,394 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
एक दशक में 13 चक्रवातों का कहर
विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2018 में तितली और पेथाई, 2019 में फणि और बुलबुल, 2020 में अम्फान, 2021 में यास, गुलाब और जवाद, 2023 में मिचौंग, 2024 में दाना, 2025 में मोंथा तथा 2026 में अर्णव और अकवान चक्रवात ने ओडिशा को प्रभावित किया।
फणि के लिए सबसे अधिक सहायता
चक्रवातों से हुए नुकसान की भरपाई और राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने ओडिशा को करीब 4,635 करोड़ रुपये की सहायता दी है।
इसमें तितली के लिए 341 करोड़, फणि के लिए 3,114 करोड़ और बुलबुल के लिए 179 करोड़ रुपये मिले। वहीं, अम्फान और यास के लिए एक हजार करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
बिजली गिरने से 257 लोगों की मौत
चक्रवात और बाढ़ के अलावा आकाशीय बिजली भी ओडिशा में जानलेवा साबित हो रही है। विधानसभा में सामने आए एक अन्य आंकड़े के मुताबिक, चालू वर्ष में बाढ़, चक्रवात, तूफान, वज्रपात, सर्पदंश और पानी में डूबने की घटनाओं में कुल 464 लोगों की मौत हुई है।
इनमें वर्ष 2025-26 के दौरान अकेले वज्रपात से 257 लोगों की जान गई। हालांकि, राज्य में बिजली गिरने से होने वाली मौतों में कमी आई है, लेकिन अब भी यह बड़ी चुनौती बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर: भारी बारिश से धान की फसल पर संकट, किसानों ने मांगा मुआवजा
यह भी पढ़ें- चक्रवात अकवान ने छीनी किसानों की मुस्कान, ओडिशा के कंधमाल में बारिश से आलू और सब्जियों की फसल बर्बाद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।