पूर्व विधायक जॉर्ज तिर्की के निधन पर सदन में शोक, सीएम-मंत्रीमंडल ने दी श्रद्धांजलि
ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने पूर्व विधायक जॉर्ज तिर्की के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने तिर्की के संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। तिर्की चार बार वीरमित्रपुर से विधायक रहे और उन्होंने जनजातीय कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। विधानसभा में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया जहां मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने पूर्व विधायक और आदिवासी नेता जॉर्ज तिर्की के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि तिर्की छात्र जीवन से ही संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते रहे। अविभाजित सुंदरगढ़ जिले और झारखंड में भी उनकी खास लोकप्रियता थी।
चार बार वीरमित्रपुर विधानसभा से निर्वाचित होना उनकी जनप्रियता का प्रमाण है। जनजातीय कल्याण के लिए उनके प्रयास और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। अध्यक्ष पाढ़ी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति की कामना की।
आज पूर्वाह्न में स्व. जॉर्ज तिर्की का पार्थिव शरीर विधानसभा परिसर लाया गया। विधानसभा की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, मुख्यमंत्री मोहन चरन माझी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव और प्रभाती परिड़ा, उपाध्यक्ष भवानीशंकर भोई, सरकारी दल के मुख्य सचेतक सरोज प्रधान, बीजेडी विधायक दल के उपनेता प्रसन्न आचार्य, कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र काडाम, मंत्रिपरिषद के सदस्य, विधायकगण, पूर्व मंत्री-विधायक, विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।