विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैट्रिमोनी ऐप पर 13 लाख की ठगी, फर्जी IAS बनकर महिला को फंसाने वाला गिरफ्तार

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:10 AM (IST)

मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को छत्तीसगढ़ शासन का अतिरिक्त सचिव बताकर एक व्यक्ति ने महिला से 13.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

HighLights

  1. मैट्रिमोनी ऐप से महिला को फंसाकर 13 लाख की ठगी।

  2. खुद को छत्तीसगढ़ PWD का अतिरिक्त सचिव बताया था।

  3. आरोपित बलभद्र प्रसाद मिश्र गिरफ्तार, कई सामान जब्त।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मैट्रिमोनी ऐप के माध्यम से महिला से संपर्क कर खुद को छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त सचिव बताने वाले एक व्यक्ति को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपित की पहचान अनुगुल जिले के मातियासाही निवासी बलभद्र प्रसाद मिश्र (44) के रूप में हुई है।

आरोप है कि उसने महिला पर दबाव बनाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए, उनके दस्तावेज और कार्ड अपने कब्जे में ले लिए तथा उसके नाम पर ऋण लेकर धोखाधड़ी की। इस मामले में कुल 13.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है।

पुरी पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपित के पास से 10 हजार रुपये नकद, एक टोयोटा कार, 6 मोबाइल फोन, 14 पासबुक, नौ चेकबुक और 17 डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड जब्त किए हैं।

इसके अलावा एक रबर की मुहर भी बरामद हुई है, जिस पर छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त सचिव का पदनाम अंकित है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपित ने सरकारी अधिकारी होने का झूठा परिचय देकर महिला का विश्वास जीता और फिर उसे अपने जाल में फंसाया।

मैट्रिमोनी ऐप से शुरू हुआ संपर्क

साइबर क्राइम एवं आर्थिक अपराध थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपित की मुलाकात महिला से भारत मैट्रिमोनी ऐप के माध्यम से हुई थी। उसने खुद को छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त सचिव बताया।

इसके बाद उसने महिला का मोबाइल नंबर लेकर उससे संपर्क करना शुरू कर दिया। आरोप है कि बाद में उसने महिला को केबीके क्षेत्र में स्थानांतरित कराने की धमकी दी और दबाव बनाकर विभिन्न बैंकों में तीन खाते खुलवाए।

ये खाते भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ), एचडीएफसी बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक में खोले गए थे। आरोपित ने कथित तौर पर इन खातों को अपने मोबाइल नंबर से लिंक करा लिया और महिला की पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड तथा क्रेडिट कार्ड अपने पास रख लिया।

ऋण की जानकारी मिलने पर किया विरोध, जान से मारने की धमकी

महिला को जब पता चला कि उसके नाम पर 6.50 लाख रुपये का ऋण हुआ है, तो उसने आरोपित का विरोध किया। जांच के दौरान चोला मंडल फाइनेंस से भी महिला के खाते में 6.68 लाख रुपये का ऋण होने की जानकारी सामने आई।

विरोध करने पर आरोपित ने महिला को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने 13 अक्टूबर 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम एवं आर्थिक अपराध थाने में केस संख्या 31/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी निरीक्षक गीतांजलि नायक मामले की पड़ताल कर रही हैं।

13 बैंकों के कार्ड और 12 बैंक खाते जांच के दायरे में

आरोपित के कब्जे से शिकायतकर्ता के नाम पर जारी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए हैं। इसके अलावा आरोपित के नाम पर विभिन्न 13 बैंकों के पासबुक, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड भी बरामद हुए हैं।

जांच में यह भी पता चला है कि विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर अपराध के मामलों में आरोपित के 12 बैंक खाते शामिल हैं। पुलिस इन खातों के लेनदेन और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।

पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें संबलपुर टाउन थाना में वर्ष 2022 में धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित मामला, शहीद नगर थाना में मार्च 2026 में धोखाधड़ी का मामला तथा एयरपोर्ट थाना में जनवरी 2021 में धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित मामला शामिल है। लिंगराज थाने में भी धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ा एक मामला दर्ज होने का उल्लेख है।

पुलिस अब आरोपित के बैंक खातों, जब्त दस्तावेजों, कार्डों और बरामद कार की खरीद के स्रोत की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।

आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- कोटिया विवाद पर सियासत गर्म: 'TDP के दबाव में चुप है BJP सरकार?', नवीन पटनायक ने CM माझी से पूछे तीखे सवाल

यह भी पढ़ें- ओडिशा: 341 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में घिरे खनन कारोबारी रतिकांत राउत, ED ने दाखिल की चार्जशीट