Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Odisha Assembly Election 2019: ओडिशा में रिकार्ड तोड़ बहुमत से पांचवीं बार नवीन सरकार

    Odisha Assembly Election 2019. नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) विधानसभा की 146 सीटों में से 110 सीटों पर बढ़त बना ली है।

    By Sachin MishraEdited By: Updated: Thu, 23 May 2019 10:24 PM (IST)
    Odisha Assembly Election 2019: ओडिशा में रिकार्ड तोड़ बहुमत से पांचवीं बार नवीन सरकार

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में रिकार्ड बहुमत के साथ पांचवीं बार नवीन पटनायक सरकार का बनना तय है। गुरुवार की देर शाम तक के रुझानों के अनुसार, नवीन पटनायक की पार्टी, बीजू जनता दल (बीजद) विधानसभा की 146 सीटों में से 110 सीटों पर बढ़त बना ली है। तीन-चौथाई बहुमत के साथ नवीन पटनायक मजबूत और लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, भारतीय जनता पार्टी को 24 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर थी, जबकि कांग्रेस को 10, झारखंड मुक्ति मोर्चा और सीपीआइ को 1-1 सीटों पर आगे थी। नवीन पटनायक 2000 से ओडिशा के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे है। लगभग बीस साल बाद भी लोगों का भरोसा बरकरार है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव नतीजों की बात करें तो बीजद को 117, कांग्रेस को 16 और भारतीय जनता पार्टी 10 सीट पर जीत हासिल हुई थी। वे बेहद पिछड़े कहे जाने वाले राज्य ओडिशा के 'विकास पुरुष' कहे जाते हैं। मितभाषी नवीन भले ही कम बोलते हैं, लेकिन उनका काम बोलता है। राज्य में नवीन पटनायक ने महिलाओं, स्कूली छात्राओं और किसानों के लिए बहुत सारी योजनाओं की शुरुआत की है।

    उन्होंने एक के बाद एक चक्रवात की मार झेलने वाले इस प्रदेश को किसी भी आपदा से लड़ने के लायक बनाया। गत दिनों फणि चक्रवात के ओडिशा के तटीय इलाके से टकराने के बाद चली आंधी और बारिश में कम से कम जान की क्षति हुई। इस दौरान आपदा प्रबंधन के बेहतर इंतजाम के बल पर लोगों को न केवल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया बल्कि उन्हें भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराई गईं। इससे नवीन पटनायक की सरकार का विश्वास कायम रहा।

    ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक दोनों विधानसभा सीटों बीजेपुर व हिंजिली से जीत गए हैं। अब लगातार रिकॉर्ड पांचवीं बार ओडिशा में नवीन पटनायक को मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है। इस बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजेडी प्रमुख एन पटनायक ने कहा कि मैं राज्य के लोगों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करना चाहता हूं, जिन्होंने बीजद पर अपना आशीर्वाद बरसाया।

    मैं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने कड़ी मेहनत की। पटनायक के मुताबिक, मैं उन्हें (भाजपा को) बधाई देता हूं। मैंने सुबह प्रधानमंत्री को फोन किया और उन्हें बधाई दी। ओडिशा के विकास और कल्याण के लिए केंद्र सरकार के साथ हमारे रचनात्मक संबंध होंगे।

     

    लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप