Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राउरकेला जेल से फरार कैदी की रहस्यमयी मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    Updated: Sun, 21 Sep 2025 11:57 AM (IST)

    राउरकेला विशेष जेल से फरार 30 वर्षीय सुरेश बारला रविवार को जेल की दीवार के पास मृत पाया गया। वह अपनी मां की हत्या के प्रयास के आरोप में जेल में बंद था। जेल प्रशासन के अनुसार वह वॉच टावर पर चढ़कर भागा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    राउरकेला जेल से फरार कैदी की रहस्यमयी मौत

    जागरण संवाददाता, राउरकेला। राउरकेला विशेष जेल से बुधवार को फरार हुआ 30 वर्षीय सुरेश बारला रविवार को जेल की दीवार के पीछे मृत अवस्था में मिला। वह अपनी मां की हत्या के प्रयास के गंभीर आरोप में लगभग दो महीने से जेल में बंद था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उस समय जेल प्रशासन ने दावा किया था सुरेश ने बुधवार सुबह खाली पड़े वॉच टावर पर चढ़कर जेल की ऊंची दीवार फांदते हुए भागने का खौफनाक रास्ता अपनाया था और बाद में दुर्गापुर पहाड़ी के जंगल की ओर फरार हो गया था।

    पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

    पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की और उसी रास्ते पर विशेष ध्यान दिया, लेकिन अब सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या उस भागने वाले मार्ग की पूरी तरह से जांच और निगरानी की गई थी।

    राउरकेला पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल घटना की गुत्थी अब तक सुलझी नहीं है और मौत के पीछे क्या वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।

    राउरकेला जेल की सुरक्षा पर सवाल

    यह पूरा मामला न केवल एक फरार कैदी की मौत को लेकर है, बल्कि राउरकेला जेल की सुरक्षा व निगरानी प्रणालियों की संवेदनशीलता पर भी गंभीर प्रश्न चिन्ह लगा गया है। खाली पड़े वॉच टावर और दीवारों पर कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ी आलोचना हो रही है।

    फरार कैदी की मौत और उसकी रहस्यमयी तलाश ने इलाके में सनसनी फैला दी है। साथ ही प्रशासन की जवाबदेही पर भी सवाल उठे हैं। सुरक्षा व्यवस्थाओं की चूक के कारणों की जांच जारी है और अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई संभव है। इस घटना से जेल प्रबंधन और पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करने की जरूरत अब और भी अधिक बढ़ गई है।