Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    श्रीजगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेंगे आम भक्तों के दर्शन, महापात्र सेवक करेंगे विशेष श्रृंगार

    Updated: Thu, 11 Sep 2025 08:50 AM (IST)

    जगन्नाथ मंदिर भुवनेश्वर में गुरुवार को विशेष अनुष्ठान बनकलागी नीति के कारण दर्शन अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार अश्विन कृष्ण चतुर्थी पर श्रीविग्रहों का विशेष श्रृंगार होगा। अपराह्न 5 बजे से रात 10 बजे तक आम भक्तों के लिए दर्शन बंद रहेगा जिसमें सेवकगण श्रृंगार करेंगे। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे रात 10 बजे के बाद दर्शन के लिए आएं।

    Hero Image
    श्रीजगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेंगे आम भक्तों के दर्शन

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भगवान श्रीजगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को विशेष अनुष्ठान के कारण श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद रहेगी। मंदिर प्रशासन ने बताया कि अश्विन कृष्ण चतुर्थी तिथि पर श्रीविग्रहों की ‘बनकलागी’ नीति संपन्न होगी। इस अवसर पर भगवान के स्वरूपों का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पांच घंटे तक आम दर्शन पर रोक

    मंदिर प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि गुरुवार को द्वितीय भोगमंडप के बाद अपराह्न लगभग 5 बजे से रात 10 बजे तक आम भक्तों के लिए दर्शन बंद रहेगा। इस अवधि में केवल सेवकगण द्वारा निर्धारित परंपरागत नीतियां संपन्न होंगी। रात 10 बजे के बाद सामान्य रूप से भक्तों के लिए दर्शन फिर से प्रारंभ होगा।

    दत्ता महापात्र सेवक करेंगे विशेष श्रृंगार

    मंदिर के परंपरागत नियमों के अनुसार, दत्ता महापात्र सेवकगण इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का श्रृंगार करेंगे। इसे बनकलागी नीति कहा जाता है, जिसमें श्रीविग्रहों को विशेष श्रृंगार सामग्रियों से सजाया जाता है।

    प्रशासन ने की अपील

    मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुष्ठान के समय धैर्य रखें और दर्शन के लिए रात 10 बजे के बाद ही मंदिर पधारें। प्रशासन ने कहा कि यह परंपरा शताब्दियों से चली आ रही है और भगवान के स्वरूप की रक्षा एवं श्रृंगार के लिए यह नीति अनिवार्य है।