विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

माहांगा विकास परिषद का भाजपा में विलय

By JagranEdited By:
Published: Sun, 04 Feb 2018 02:59 AM (IST)

मिशन-120 लेकर चल रही भाजपा को कटक जिले के महांगा विधानसभा

माहांगा विकास परिषद का भाजपा में विलय
माहांगा विकास परिषद का भाजपा में विलय

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : मिशन-120 लेकर चल रही भाजपा को कटक जिले के महांगा विधानसभा क्षेत्र में जनाधार वाले नेता का साथ मिला है। माहांगा विकास परिषद के अध्यक्ष शारदा प्रधान अपने संगठन के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। हजारों समर्थकों के साथ शारदा प्रधान ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सह उद्योग मंत्री धर्मेद्र प्रधान की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। शारदा प्रधान का माहांगा विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा जनाधार है और पिछले आम चुनाव में प्रधान ने निर्दल चुनाव लड़ते हुए 60 हजार मत प्राप्त किए थे। प्रधान का भाजपा में शामिल हो जाना बीजू जनता दल (बीजद) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

शुक्रवार को माहांगा कुआपाल खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सांसद बैजयंत पंडा, कोरापुट सामूहिक दुष्कर्म एवं रुपया किलो मिलने वाले चावल को लेकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर सीधे हमला बोला। मंत्री प्रधान ने कहा कि आदर्श मुख्यमंत्री का तमगा लेकर घूमने वाले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को कोरापुट दुष्कर्म पीड़िता का अभिशाप उन्हें डुबो देगा। यदि मुख्यमंत्री में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो वह पीड़िता को न्याय दिलाएं। प्रधान ने कहा कि पीडि़ता को न्याय देने के बदले उसका मुंह बंद करने के लिए पुलिस 90 हजार रुपये देने का प्रलोभन दे रही थी। इसका प्रतिवाद करने पर मामला दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने पुलिस कमिश्नर वाइबी खुरानिया को भी मसले में लपेटा। कहा कि यदि कमिश्नर में साहस है तो दोषियों को गिरफ्तार करें। इस दौरान प्रधान ने स्थानीय एक चैनल में प्रसारित पीड़िता बयान को भी उपस्थित जनसमूह को सुनाया।

प्रधान ने सांसद बैजयंत पंडा पर पिछले दिनों फेंके गए अंडे एवं उनके साथ की गई मारपीट घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सांसद अपने चुनाव क्षेत्र में एक पेयजल प्रोजेक्ट उद्घाटन करने जा रहे थे, तभी बीजद कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर अंडा फेंका गया, उनके साथ दु‌र्व्यवहार किया गया। प्रधान ने अंजना मिश्र घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का तमगा लेकर घूमने वाले मुख्यमंत्री को ये घटनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं। राज्य की जनता उन्हें इसका जवाब देगी। मंत्री प्रधान यहीं नहीं रुके। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिल रहे चावल पर भी मुख्यमंत्री को घेरा। कहा आज जो नवीन सरकार 1 रुपये में चावल दे रही है, उसमें 29 रुपये केंद्र सरकार दे रही है, एक रुपये उपभोक्ता दे रहे हैं जबकि मात्र दो रुपये राज्य सरकार दे रही है। यह चावल गरीबों के लिए है मगर इसे बीजद कार्यकर्ता हड़प रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।